गोरखपुर, 30 मई 2026:
भोजपुरी फिल्म ‘पंडिताइन के लव स्टोरी’ को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार फिल्म के बंद होने पर जाकर थम गया। फिल्म के निर्माता और मुख्य अभिनेता सोम लाल यादव ने ब्राह्मण समाज से माफी मांगते हुए ऐलान किया है कि अब इस फिल्म का निर्माण नहीं किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में कहा कि फिल्म के नाम को लेकर समाज में नाराजगी थी, इसलिए निर्माण रोकने का फैसला लिया गया है।
सोम लाल यादव ने वीडियो में कहा कि फिल्म के पोस्टर लॉन्च के बाद हुए विवाद में उनके साथ संजय निषाद और रविंद्र निषाद का नाम भी मुकदमे में शामिल किया गया, जबकि उनका फिल्म निर्माण से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए फिल्म को पूरी तरह बंद किया जा रहा है।
फिल्म का पोस्टर मई के पहले सप्ताह में गोरखपुर प्रेस क्लब में लॉन्च किया गया था। कार्यक्रम में निर्माता के साथ संजय निषाद और रविंद्र निषाद भी मौजूद थे। पोस्टर सामने आने के बाद ब्राह्मण समाज के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और मामला पुलिस तक पहुंच गया। विरोध बढ़ने पर पहले फिल्म का नाम बदलने की बात कही गई, लेकिन नाराजगी कम नहीं हुई। इसके बाद निर्माता ने फिल्म ही बंद करने का फैसला कर लिया।
सपा नेत्री काजल निषाद के पति संजय निषाद ने भी फिल्म से किसी तरह का संबंध होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि वर्ष 2018 के बाद उन्होंने फिल्म निर्माण का काम छोड़ दिया था। सोम लाल यादव उनके पुराने मित्र हैं और प्रेस क्लब की बुकिंग उनके अनुरोध पर कराई गई थी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से पहले उन्हें फिल्म के नाम की जानकारी नहीं थी।
बता दें कि इस मामले में गोला बाजार थाना क्षेत्र के डाड़ी बाजार निवासी हर्ष मिश्रा की तहरीर पर कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पंडिताइन की लव स्टोरी नाम से बनाई जा रही फिल्म से ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हो रही थीं। उनका कहना है कि फिल्म के शीर्षक और प्रचार सामग्री से समुदाय की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही थी, जिससे लोगों में नाराजगी फैल रही थी। इसी शिकायत के आधार पर अभिनेता सोम लाल यादव, संजय निषाद, रविंद्र निषाद और राम सज्जन निषाद के खिलाफ वैमनस्य फैलाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।






