Entertainment

घर में मिली लाश और शुरू हो गया बवाल… माधुरी दीक्षित का फिल्म में दमदार रोल

कहानी के हर मोड़ पर चौंकाने वाले ट्विस्ट, ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर होने लगी 'मां बहन' की चर्चा

एंटरटेनमेंट डेस्क, 25 मई 2026:

ओटीटी दर्शकों के लिए एक दिलचस्प फिल्म दस्तक देने जा रही है। नेटफ्लिक्स की आगामी फिल्म ‘मां बहन’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर फैंस इस फिल्म की खूब तारीफें कर रहे हैं उनको फिल्म में माधुरी दीक्षित का नया अवतार बहुत पावरफुल लग रहा है। फिल्म में माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी, रवि किशन और धारणा दुर्गा जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में डार्क कॉमेडी, रहस्य, पारिवारिक ड्रामा और सस्पेंस का ऐसा मिश्रण देखने को मिलेगा जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगा।

दिलचस्प कहानी ने जीता फैंस का दिल

फिल्म में मां रेखा (माधुरी दीक्षित) और बेटियां जया (तृप्ति डिमरी) व सुषमा (धरना दुर्गा) की हरदम आपस में नोंकझोंक होती रहती है। पड़ोस में रहने वाले गुप्ताजी (रवि किशन), रेखा (माधुरी) पर फिदा हैं। फिल्म की कहानी एक साधारण से दिखने वाले परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है लेकिन उनकी जिंदगी तब पूरी तरह बदल जाती है जब उनके घर में गुप्ताजी (रवि किशन) की लाश मिलती है। इसके बाद मां और उसकी बेटियां इस रहस्य को छिपाने की कोशिश में जुट जाती हैं लेकिन जैसे-जैसे वो सच को छिपाने का प्रयास करती हैं हालात और ज्यादा उलझते चले जाते हैं। पड़ोसियों की जिज्ञासा, पुलिस का दबाव और परिवार के भीतर का तनाव कहानी को दिलचस्प मोड़ देता है।

माधुरी दीक्षित का अलग अंदाज

फिल्म में माधुरी दीक्षित एक ऐसी मां के किरदार में दिखाई देती हैं जो अपने परिवार को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। लंबे समय बाद उन्हें इस तरह के डार्क और कॉमिक किरदार में देखकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है वहीं तृप्ति डिमरी भी अपनी दमदार अभिनय शैली से प्रभावित करती नजर आ रही हैं। दोनों कलाकारों के बीच की आपसी केमिस्ट्री फिल्म का खास आकर्षण है।

कॉमेडी और सस्पेंस का अनोखा मेल

ये फिल्म सिर्फ रहस्य और अपराध की कहानी नहीं दिखाती बल्कि इसमें कॉमेडी की भरपूर डोज भी शामिल है। कई ऐसे दृश्य हैं जो दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ यह सोचने पर भी मजबूर करते हैं कि आखिर आगे क्या होने वाला है। यही वजह है कि फिल्म को एक अलग तरह की फैमिली डार्क कॉमेडी के रूप में देखा जा रहा है।

WhatsApp Image 2026-05-25 at 11.42.15 AM (1)

निर्देशन और प्रस्तुति ने खींचा ध्यान

फिल्म का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है जो संवेदनशील और मनोरंजक कहानियों को बड़े प्रभावी ढंग से पर्दे पर उतारने के लिए जाने जाते हैं। ट्रेलर की सिनेमैटोग्राफी, बैकग्राउंड म्यूजिक और संवाद फिल्म के माहौल को और मजबूत बनाते हैं। हर किरदार अपने आप में एक रहस्य समेटे नजर आता है जिससे कहानी को लेकर जिज्ञासा बनी रहती है।

ये फिल्म 4 जून को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी जहां दर्शक इस रहस्यमयी और मनोरंजक कहानी का आनंद ले सकेंगे। डार्क कॉमेडी और थ्रिलर पसंद करने वाले दर्शकों के लिए ‘मां बहन’ एक दिलचस्प अनुभव साबित हो सकती है। फिल्म में अरुणोदय सिंह और गीतांजलि कुलकर्णी भी अहम भूमिकाओं में हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button