योगेंद्र मलिक
हरिद्वार, 16 अप्रैल 2026:
बहादराबाद-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद महिला डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादराबाद के पास रात करीब 11 बजे यह हादसा हुआ। डॉ. ऋतुराज (25) और डॉ. दिव्या ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार दिल्ली नंबर के वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉ. ऋतुराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डॉ. दिव्या गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सीएचसी बहादराबाद की प्रभारी डॉ. आरती सिंह के अनुसार, डॉ. ऋतुराज बिहार के रहने वाले थे और इंटर्नशिप के लिए यहां तैनात थे। वे रुड़की स्थित मदरहुड यूनिवर्सिटी से बीएमएस की पढ़ाई कर रहे थे और छह महीने की ट्रेनिंग के तहत बहादराबाद में कार्यरत थे।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों में गहरा शोक है, साथ ही फरार चालक के खिलाफ नाराजगी भी दिखी।






