Barabanki City

दो शादियों में हादसे : डांस करते बुजुर्ग की मौत, हर्ष फायरिंग में युवक को लगी गोली, हालत नाजुक

रामसनेहीघाट व सतरिख क्षेत्र में हो रहे थे समारोह, खुशियों के बीच मातम और अफरा-तफरी, हर्ष फायरिंग में आरोपी का नाम बताने से बचते रहे लोग

बाराबंकी, 21 फरवरी 2026:

जिले में शादी समारोहों के दौरान हुए दो अलग-अलग हादसों ने जश्न का माहौल गम और दहशत में बदल दिया। एक जगह बरात में नाचते समय दूल्हे के बुजुर्ग रिश्तेदार की अचानक मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

डांस करते समय बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मौत

रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र स्थित राजा राम मैरिज लॉन में हैदरगढ़ के रनापुर गांव निवासी वैभव की बरात पनाइक पुरवा गांव में संजीव तिवारी की पुत्री आकांक्षा के विवाह के लिए पहुंची थी। द्वार पूजा के दौरान परिवार और रिश्तेदार खुशी में डीजे पर नाच रहे थे। इसी दौरान दूल्हे की बहन के ससुर रामप्रताप मिश्रा (58) डांस करते समय अचानक सीने में दर्द की शिकायत करने लगे और गिर पड़े। परिजन उन्हें तुरंत पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। रामप्रताप मिश्रा मूल रूप से अमेठी जिले के गौरीगंज के रहने वाले थे और परिवार के साथ दिल्ली में रहते थे। उनके निधन से समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-02-21 at 8.33.50 AM

Advertisement

हर्ष फायरिंग में युवक को सीने में लगी गोली, हालत गंभीर

दूसरी घटना सतरिख क्षेत्र के बादीनगर सहेलिया गांव की है। यहां अवधराम के घर बेटे सचिन का तिलक समारोह और बेटी का विवाह एक साथ आयोजित था। घर में जश्न का माहौल था और बाराती डीजे की धुन पर नाचते हुए द्वार पूजा के लिए पहुंचे थे। जयमाल की तैयारी चल ही रही थी कि अचानक फायरिंग हो गई।

फायरिंग के दौरान चली गोली जहांगीराबाद क्षेत्र के पलिया मसूदपुर गांव निवासी सुनील यादव की छाती में जा लगी। वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। परिजन घायल सुनील को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।

WhatsApp Image 2026-02-21 at 8.33.51 AM

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की, लेकिन फायरिंग करने वाले का नाम सामने नहीं आ सका। बताया जा रहा है कि आरोपी परिवार का ही करीबी रिश्तेदार है, इसलिए लोग खुलकर जानकारी देने से बच रहे हैं। तनाव के बीच किसी तरह शादी की रस्में पूरी कराई गईं।

ये भी पढ़ें  शेयर बाजार के निवेशकों के लिए बड़ी खबर, NSE-BSE ने ट्रांजेक्शन शुल्क को किया संशोधित

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link