
लखनऊ, 27 अगस्त 2026:
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को यूपी की राजधानी स्थित पार्टी कार्यालय में रक्षाबंधन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने उन्हें राखी बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। अखिलेश यादव ने भी महिलाओं को शगुन का लिफाफा देकर रक्षाबंधन की बधाई दी।
इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने रक्षाबंधन को महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि समाजवादी लोग मिलकर संकल्प लेते हैं कि आने वाले समय में समाजवादी सरकार बनाकर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की रखवाली करेंगे।
सपा प्रमुख ने गोमतीनगर स्थित जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को निजी कंपनी को लीज पर देने के फैसले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जेपी बेच दिया, उनका बस चले तो बीजेपी भी बेच दें। भाजपा सरकार नहीं, दुकानदार है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी विचारधारा के रास्ते पर ही पार्टी आगे बढ़ती रहेगी।

जेपीएनआईसी के अधूरे निर्माण को लेकर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यह इमारत जनता के पैसे से बनाई गई है। ठेकेदार को पूरा भुगतान भी किया जा चुका है। इसके बावजूद इसका काम पूरा नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार चाहती तो बिल्डिंग का अधूरा काम पूरा कराया जा सकता था।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर आर्थिक नीतियों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गरीबों का पैसा छीनकर अमीरों की झोली भरने का काम कर रही है। इसके साथ ही कहा कि समय आने पर उन अधिकारियों के खिलाफ जांच होगी, जिन्होंने कथित तौर पर बड़ा भ्रष्टाचार किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने अपने गठन के समय जयप्रकाश नारायण की तस्वीर लगाई थी। ऐसे में सवाल उठता है कि जेपीएनआईसी को लेकर सरकार का रुख क्या है। कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी कांति सिंह, महिला सभा अध्यक्ष सीमा राजभर समेत सपा की कई महिला नेता मौजूद रहीं।






