
रुद्रपुर, 27 अगस्त 2026:
उत्तराखंड के रुद्रपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मेरे सपनों का उत्तराखंड विषय पर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। निजी विद्यालय में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में उन्होंने छात्र-छात्राओं से उनके विचार, सुझाव व भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनकी कल्पना जानी। विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाएं भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं, जिनका उन्होंने जवाब देते हुए मार्गदर्शन किया।
युवाओं की सोच को विकास से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर व जागरूक बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में है। युवाओं के विचार उत्तराखंड के विकास की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। शिक्षा के साथ रोजगार, Skill Development, Innovation व Entrepreneurship के बेहतर मौके युवाओं को मिलें, इस दिशा में काम किया जा रहा है।
विकसित उत्तराखंड के लिए हर सेक्टर पर फोकस
धामी ने कहा कि विकसित भारत-विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को लेकर शिक्षा, रोजगार, नवाचार, कौशल विकास, पर्यटन, कृषि, खेल व तकनीक जैसे क्षेत्रों को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति उत्तराखंड की बड़ी ताकत है। युवाओं की प्रतिभा, सोच व सपनों को सही मौके मिलें, इसके लिए सरकार लगातार नई योजनाओं व नीतियों पर काम कर रही है।

निबंधों में दिखी उत्तराखंड को लेकर सोच
मेरे सपनों का उत्तराखंड अभियान के तहत आयोजित निबंध प्रतियोगिता का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध व विचार भेजे हैं। इन विचारों में उत्तराखंड के विकास, समृद्धि व बेहतर भविष्य को लेकर युवाओं की सोच सामने आई है।
Tourism से Science तक नए मौके
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड Tourism, Development, Innovation व Science and Technology के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने नई नीतियां लागू की हैं। युवाओं को इन सेक्टर में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर देने पर फोकस किया जा रहा है।

देहरादून की साइंस सिटी का किया जिक्र
विज्ञान व तकनीक के क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात करते हुए धामी ने देहरादून में बनी देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसका मकसद उत्तराखंड के होनहार विद्यार्थियों को Science and Technology के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मंच देना है, जिससे वे देश व दुनिया में अपनी पहचान बना सकें।
हर क्षेत्र में लीडरशिप जरूरी
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से Leadership को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि नेतृत्व क्षमता सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया व उद्योग समेत हर क्षेत्र में बेहतर काम करने वाला व्यक्ति अपने क्षेत्र का लीडर होता है। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर देश व उत्तराखंड के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
छात्रों की भागीदारी को बताया अहम
धामी ने कहा कि मेरे सपनों का उत्तराखंड अभियान को प्रदेश के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अपने सपने, सुझाव व विचार साझा किए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी राज्य के भविष्य को लेकर सजग है। विद्यार्थियों के इन विचारों को विकास की योजनाओं से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 800 छात्र-छात्राएं व शिक्षक शामिल हुए। इस मौके पर महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रामपाल सिंह, दिनेश मानसेरा, उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति समेत अन्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी को राखी पर्व की बधाई दी।






