लखनऊ, 13 मई 2026:
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई एवं मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के अचानक निधन से बुधवार को सियासी और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। महज 38 साल की उम्र में हुई प्रतीक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने प्रतीक को मृत घोषित कर दिया। प्रतीक ने निधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी शोक जताया है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 13, 2026
प्रतीक यादव की मौत की खबर मिलते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव केजीएमयू के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनकी प्रतीक से करीब दो महीने पहले मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रतीक जुझारू किस्म का इंसान था। वह अपनी सेहत को लेकर बेहद सजग रहता था और जिंदगी में आगे बढ़ना चाहता था। उसका इस तरह चले जाना बेहद दुखद है।

मौत की वजहों पर अखिलेश यादव ने साफ कहा कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार जो भी फैसला करेगा। उसका सम्मान किया जाएगा। इस बयान के बाद प्रतीक यादव की मौत को लेकर चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक 30 अप्रैल को भी प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो-तीन दिन इलाज के बाद हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया था। चिकित्सकों के अनुसार वे फेफड़ों की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। हालांकि आधिकारिक तौर पर मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

प्रतीक यादव अपने पीछे पत्नी अपर्णा और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। निधन के समय अपर्णा यादव असम दौरे पर थीं। सूचना मिलते ही वे लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। केजीएमयू में पोस्टमार्टम के बाद प्रतीक यादव का शव उनके आवास ले जाया गया जहां सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे यादव परिवार में गम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

सीएम योगी ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण स्व. मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। प्रतीक को श्रद्धांजलि देते हुए सीएम ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं भी जताईं है।






