Lucknow City

आंबेडकर जयंती: CM योगी, मायावती और अखिलेश ने दी बाबा साहेब को श्रद्धांजलि

सपा मुखिया ने नीला गमछा पहनकर हजरतगंज स्थित आंबेडकर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए, बसपा प्रमुख ने बाबा साहेब को बहुजन समाज का मसीहा बताया, शहर में जगह-जगह कार्यक्रम और बच्चों में भी दिखा उत्साह

लखनऊ, 14 अप्रैल 2026:

भारत के संविधान निर्माता भारतरत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती आज पूरे देश के साथ यूपी की राजधानी लखनऊ में भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर राजनीतिक दलों के नेताओं ने एक मंच पर भले न सही लेकिन अपने-अपने अंदाज में बाबा साहेब को नमन कर उनके विचारों को याद किया।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर भावपूर्ण संदेश साझा करते हुए कहा कि समता, न्याय और बंधुत्व के आदर्शों से आलोकित समाज की आधारशिला रखने वाले बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आंबेडकर को अंत्योदय और लोक-कल्याण के प्रति समर्पित महान व्यक्तित्व बताते हुए उन्हें मां भारती का अमूल्य रत्न कहा।

वहीं, बसपा प्रमुख मायावती ने सुबह लखनऊ स्थित अपने आवास पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अपने संदेश में उन्होंने बाबा साहेब को बहुजन समाज का मसीहा बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, उपेक्षितों, शोषितों और महिलाओं के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान में सामाजिक न्याय और समानता की गारंटी सुनिश्चित कर आंबेडकर ने ऐतिहासिक कार्य किया। इसके लिए देश सदैव उनका कृतज्ञ रहेगा। बसपा के कई नेताओं ने गोमतीनगर स्थित अंबेडकर पार्क पहुंच कर बाबा साहेब को नमन किया और श्रद्धांजलि दी।

WhatsApp Image 2026-04-14 at 11.21.30 AM

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सुबह हजरतगंज पहुंचे और उन्होंने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उनका अलग अंदाज देखने को मिला। वे लाल टोपी और लाल गमछा पहने थे और वहां उन्हें नीला गमछा भी भेंट किया गया जिसे उन्होंने सम्मानपूर्वक धारण किया। कार्यक्रम में राजेंद्र चौधरी, रविदास मेहरोत्रा, नसीमुद्दीन सिद्दीकी और जूही सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हजरतगंज में आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर स्कूली बच्चों की भागीदारी भी खास रही। बच्चे बैंड के साथ पहुंचे और जय भीम के नारों से माहौल को जीवंत बना दिया। शहर में विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए गए।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  छत्तीसगढ़ : शराब के नशे में पिता रोज करता था घर में झगड़ा, 15 वर्षीय बेटी ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button