Uttarakhand

दुष्यंत गौतम की ताजपोशी से गरमाई सियासत : कांग्रेस का मौन उपवास, गोदियाल ने सीबीआई जांच को लेकर उठाए सवाल

गांधी पार्क में प्रदर्शन कर बीजेपी पर साधा निशाना, उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड ने फिर पकड़ा तूल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बोले- भाजपा ने कथित आरोपी को वीआईपी से वीवीआईपी बना दिया

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 13 अक्टूबर 2026ः

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सवालों के बीच दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने इस फैसले के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मंगलवार को गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने एक घंटे का मौन उपवास रखा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अंकिता को न्याय दिलाने और कथित वीआईपी की भूमिका से जुड़े सवालों का जवाब देने के बजाय भाजपा ने गौतम को राज्यपाल नियुक्त कर उत्तराखंड की जनभावनाओं से खिलवाड़ किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के जरिए पार्टी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला बोला। मौन उपवास के बाद गोदियाल ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि सीबीआई जांच की संस्तुति के बाद अंकिता के माता-पिता को मामले में कथित वीआईपी का नाम सामने आने और न्याय मिलने की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा ने कथित आरोपी को वीआईपी से वीवीआईपी बना दिया। उन्होंने कहा कि मामले में उठ रहे सवालों के बीच दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाकर भाजपा ने उन्हें बचाने का प्रयास किया है।

ये भी पढ़ें:

ankita-bhandari-case-dushyant-gautam-governor-appointment-congress-protest (2)

Advertisement

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अंकिता भंडारी प्रकरण की सीबीआई जांच की प्रगति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जांच में अब तक कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दी है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच हो, ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। कांग्रेस का कहना है कि कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब मिलना जरूरी है।

गोदियाल ने ऐलान किया कि कांग्रेस इस नियुक्ति के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेगी। पार्टी नेता सोशल मीडिया पर वीडियो क्लिप जारी कर नियुक्ति के फैसले पर सवाल उठाएंगे। उन्होंने भाजपा प्रदेश नेतृत्व को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि अंकिता प्रकरण से जुड़े सवालों का समाधान होने तक पार्टी पीछे नहीं हटेगी। मौन उपवास पर बैठने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष लाल चंद शर्मा, राजीव महर्षि, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, नवीन जोशी, मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी, शीशपाल सिंह बिष्ट, अभिनव थापर, प्रदीप जोशी, मोहन सिंह खत्री समेत पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।

ये भी पढ़ें  धामी ने परखी हर घर नल से स्वच्छ जल की हकीकत, बोले- पात्रों को मिले कनेक्शन, तय हो जवाबदेही

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link