योगेंद्र मलिक
पौड़ी गढ़वाल, 31 जनवरी 2026:
उत्तराखंड के मशहूर लोकगायक व कवि नरेंद्र सिंह नेगी ने 8 फरवरी को देहरादून के परेड ग्राउंड में महापंचायत बुलाई है। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए बुलाई गई इस महापंचायत के जरिये पहाड़ की बेटियों के सम्मान की लड़ाई का बिगुल फूंका जाएगा।
पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव पहुंचे नरेंद्र नेगी ने अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कहा यदि आज अन्याय के खिलाफ सामूहिक स्वर नहीं उठा, तो कल पहाड़ की हर बेटी असुरक्षित महसूस करेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में महापंचायत में पहुंचकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करें। उन्होंने कहा कि यह महापंचायत न्याय, संवेदना और मानवीय मूल्यों के पक्ष में एक जनआंदोलन है। पहाड़ की संस्कृति ने हमेशा अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा दी है और आज उसी परंपरा को आगे बढ़ाने की ज़रूरत है।
इस अवसर पर मंच से जुड़े कमला पंत, मोहित डिमरी, उमा भट्ट, सूरज नेगी, नवीन जोशी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने और अंकिता को न्याय दिलाने के संकल्प को दोहराया। संघर्ष मंच ने कहा कि यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक दोषियों को सज़ा और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता। महापंचायत को लेकर पोस्टर लगाए जा रहे हैं वहीं प्रदेशभर में जनसंपर्क किया जा रहा है।






