विजय पटेल
रायबरेली, 1 अप्रैल 2026:
रायबरेली के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज परिसर में बुधवार को संचारी रोगों के खिलाफ जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री ने कहा कि संचारी रोग अभियान का फोकस डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे रोगों से बचाव पर रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब गांव-गांव और शहर के मोहल्लों में जाकर लोगों को साफ-सफाई, जलभराव से बचने और मच्छरों से बचाव के तरीके समझाएंगी। लोगों को साफ पानी इस्तेमाल करने और आसपास गंदगी न होने देने के लिए भी जागरूक किया जाएगा।

इसके साथ ही स्कूल चलो अभियान को भी इसमें जोड़ा गया है। मकसद है कि कोई भी बच्चा पढ़ाई से दूर न रहे और समय पर उसका स्कूल में दाखिला हो सके। जागरूकता वाहन अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों को सेहत और तालीम दोनों के लिए जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत लोगों को शपथ भी दिलाई गई, जिसमें दिमागी बुखार जैसे खतरनाक रोगों से लड़ने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, मुख्य चिकित्साधिकारी नवीन चंद्रा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।






