Gorakhpur

अफवाहों से बचें, घबराएं नहीं : CM योगी बीले… गैस सिलेंडर और पेट्रोल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य

गीडा में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री कहा कि जरूरत पर ही खरीदें ईंधन, होम डिलीवरी व्यवस्था पहले की तरह जारी

गोरखपुर, 26 मार्च 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों से बचें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर या पेट्रोल-डीजल के लिए लाइन में न लगें। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में रसोई गैस और ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। पहले की तरह ही निर्धारित समय पर बुकिंग कराने पर सिलेंडर घर तक पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री गुरुवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने और अव्यवस्था पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे दुष्प्रचार से बचना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले एक गैस सिलेंडर महीने भर चलता था लेकिन अब लोग पांच-छह दिन में ही नया सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। यह अनावश्यक घबराहट को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि गैस एजेंसियों के बाहर लाइन लगाने की कोई जरूरत नहीं है। सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं कि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

सीएम योगी ने पेट्रोल-डीजल को लेकर भी लोगों से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल आवश्यकता होने पर ही फिलिंग स्टेशनों पर जाएं क्योंकि अनावश्यक भीड़ से ही अव्यवस्था पैदा होती है। मुख्यमंत्री ने वैश्विक हालात का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच जारी तनाव से पूरी दुनिया प्रभावित है। यदि यह युद्ध लंबा खिंचता है तो इसका असर हर व्यक्ति पर पड़ सकता है। ऐसे समय में हमें मानसिक रूप से तैयार रहना होगा और अफवाहों से दूर रहना होगा।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षित और स्थिर है। विकास कार्य भी तेजी से जारी हैं। देश में नवरात्रि और रामनवमी जैसे पर्व उत्साह के साथ मनाए जा रहे हैं। यह सकारात्मक माहौल का संकेत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए जनता और सरकार को मिलकर काम करना होगा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button