अयोध्या, 8 फरवरी 2026:
यूपी के अयोध्या जिले से एक प्रगतिशील किसान की सफलता की कहानी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की बदलती तस्वीर दिखाने के साथ अन्य किसानों के लिए नई राह खोलती है। तारुन क्षेत्र के ग्राम सिहोरिया निवासी राजित राम ने आधुनिक कृषि तकनीकों और योगी सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ उठाकर महज 4.09 हेक्टेयर भूमि में अमरूद और शिमला मिर्च की खेती से 5 लाख रुपये से अधिक का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया है।
राजित राम ने इस सीजन में अमरूद और शिमला मिर्च की खेती में ड्रिप इरिगेशन, मल्चिंग, इंटरक्रॉपिंग और स्टेप क्रॉपिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का भरपूर उपयोग किया। सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली से जहां पानी की खपत कम हुई, वहीं फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। उन्होंने बताया कि इस खेती में लगभग 3.40 लाख रुपये का निवेश हुआ। उत्पादन से करीब 8.50 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई। इस प्रकार उन्हें लगभग 5.10 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ। उत्पादन में 20 टन अमरूद और 14 टन शिमला मिर्च शामिल रही।
जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार तिवारी के अनुसार अयोध्या जनपद में किसानों की आय बढ़ाने के लिए उद्यान विभाग निरंतर प्रयास कर रहा है। बागवानी मिशन, ड्रिप इरिगेशन, मल्चिंग और सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं पर दी जा रही सब्सिडी के चलते किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर उच्च मूल्य वाली फसलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। राजित राम जैसे किसान अब अपने अनुभव साझा कर अन्य किसानों को भी प्रेरित कर रहे हैं।
राजित राम की इस उपलब्धि को राज्य स्तर पर भी सराहना मिली। जन भवन में आयोजित फल-फूल एवं शाकभाजी प्रदर्शनी में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें सम्मानित किया। राज्यपाल ने कहा कि ऐसे नवाचारी किसान प्रदेश की प्रगति के प्रतीक हैं।
उन्होंने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद बढ़े पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों से बागवानी फसलों की मांग भी बढ़ी है। इसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। राजित राम की सफलता आज सिहोरिया गांव और तारुन ब्लॉक के किसानों के लिए एक मजबूत प्रेरणास्रोत बन चुकी है।






