Sports

T20 World Cup : भारत की लगातार नौवीं जीत, सूर्यकुमार का तूफानी अर्धशतक, अमेरिका 29 रन से हारा

सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रन की पारी और मोहम्मद सिराज की सधी गेंदबाजी से टीम इंडिया का विजयी आगाज

स्पोर्ट्स डेस्क, 8 फरवरी 2026:

T20 विश्व कप 2026 में भारत ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने अमेरिका को 29 रन से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में शानदार एंट्री की। यह भारत की टी20 विश्व कप में लगातार नौवीं जीत है, जिससे उसने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका को भी पीछे छोड़ दिया।

टॉस अमेरिका का, स्कोर भारत का

अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। शुरुआती ओवरों में यह फैसला सही भी लगा, क्योंकि भारतीय बल्लेबाजी शुरुआत में लड़खड़ा गई। अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे बिना खाता खोले आउट हुए। इसके बाद रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल भी सस्ते में पवेलियन लौट गए।

ये भी पढ़ें:

एक छोर संभाले रहे सूर्यकुमार

जब भारत लगातार विकेट खो रहा था, तब एक छोर पर सूर्यकुमार यादव डटे रहे। ईशान किशन और तिलक वर्मा ने उनका अच्छा साथ दिया, लेकिन वे बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसके बाद सूर्यकुमार ने जिम्मेदारी संभाली और अंत तक नाबाद रहते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

f2ed4637-933e-4b62-a57f-fff816adbeb4

सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 84 रन बनाए। यह उनका टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 25वां अर्धशतक रहा। आखिरी पांच ओवरों में उन्होंने तेजी से रन बटोरे, जिससे भारत ने अंतिम 30 गेंदों में 67 रन जोड़ दिए। भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 161 रन बनाए।

कप्तान के तौर पर खास रिकॉर्ड

इस पारी के दौरान सूर्यकुमार यादव ने कप्तान के रूप में टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे किए। इसके साथ ही वह टी20 विश्व कप में कप्तान के तौर पर डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ वेस्टइंडीज के क्रिस गेल हैं। सूर्यकुमार ने इस मामले में पाकिस्तान के बाबर आजम को पीछे छोड़ दिया।

नेत्रवलकर का महंगा स्पैल

अमेरिका के गेंदबाज सौरव नेत्रवलकर के लिए यह मुकाबला यादगार नहीं रहा। उन्होंने चार ओवर में 65 रन लुटा दिए और कोई विकेट नहीं ले सके। यह टी20 विश्व कप इतिहास का सबसे महंगा स्पैल है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सनथ जयसूर्या के नाम था। अमेरिका की ओर से शैडली वान सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार विकेट झटके। हरमीत सिंह को दो जबकि अली खान और मोहम्मद मोहसिन को एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका लड़खड़ाया

162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम की शुरुआत ठीक रही, लेकिन मध्य ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने मैच पर पकड़ बना ली। मोहम्मद सिराज ने सटीक लाइन-लेंथ से रन गति पर लगाम लगाई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और अमेरिका की टीम दबाव में आ गई। अमेरिका निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन ही बना सकी और मुकाबला 29 रन से हार गई।

लगातार नौवीं जीत का रिकॉर्ड

यह जीत भारत की टी20 विश्व कप में लगातार नौवीं जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने रोहित शर्मा की कप्तानी में लगातार आठ मैच जीतकर खिताब अपने नाम किया था। अब नए अभियान की शुरुआत भी जीत के साथ हुई है, जिसने भारतीय टीम का आत्मविश्वास और मजबूत कर दिया है।

ये भी पढ़ें  विपक्षी एकता का महत्वपूर्ण पड़ाव होगा यूपी विधान सभा उपचुनाव

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button