अयोध्या, 29 जुलाई 2026:
अयोध्या मंडल कारागार से दुष्कर्म और हत्या के प्रयास के मामलों में निरुद्ध दो बंदियों के फरार होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए डीजी जेल पीसी मीणा ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक समेत सात अधिकारियों व कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। फरार बंदियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और जिलेभर में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
अमेठी के मुसाफिरखाना निवासी गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज और सुल्तानपुर के करौदीकला, अमरेमऊ निवासी शेर अली बुधवार रात जेल की तन्हाई बैरक को तोड़कर बाहर निकल आए और बाउंड्री वॉल कूदकर फरार हो गए। दोनों आरोपी गंभीर आपराधिक मामलों में अयोध्या जेल में निरुद्ध थे। बंदियों के फरार होने की जानकारी मिलते ही जेल परिसर में अफरातफरी मच गई और तत्काल उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे।
घटना के बाद जेल प्रशासन द्वारा अन्य बंदियों से पूछताछ शुरू की गई और सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है। डीजी जेल पीसी मीणा ने लापरवाही को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक यूपी मिश्रा, जेलर जेके यादव, डिप्टी जेलर मयंक त्रिपाठी के साथ एक हेड वार्डर और तीन वार्डरों को निलंबित कर दिया है।
जेल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही दोनों फरार बंदियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






