अयोध्या, 24 फरवरी 2026:
अयोध्या नगर निगम बोर्ड की 11वीं आम बैठक में दो पार्षदों ने निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इस्तीफा दे दिया। देवकाली वार्ड के भाजपा पार्षद अनुज दास और अभिराम दास वार्ड के पार्षद सुल्तान अंसारी ने मनमानी और पक्षपात के आरोप लगाते हुए बैठक के बीच में ही सदन छोड़ दिया।
बैठक में इस्तीफा देने के बाद दोनों पार्षद बाहर चले गए। अनुज दास ने अपना फोन बंद कर लिया, जबकि सुल्तान अंसारी भी कॉल रिसीव नहीं कर रहे थे। बाद में उन्हें मनाने की कोशिशें चलती रहीं। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि नाराज पार्षदों से बातचीत की जा रही है और जल्द ही उनसे मुलाकात कर मसले को सुलझाने का प्रयास होगा। बैठक में अयोध्या सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्त शामिल नहीं हो सके। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि बैठक की सूचना उन्हें सिर्फ एक घंटे पहले दी गई, जबकि उनके कार्यक्रम पहले से तय थे।

फिलहाल बैठक में अहम फैसला लेते हुए महापौर ने कहा कि नगर निगम में किसी भी निर्माण या अन्य कार्य की निविदा यदि 15 प्रतिशत से अधिक कम दर पर डाली जाती है तो उसकी विशेष जांच कराई जाएगी। महापौर ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या आध्यात्मिक राजधानी के साथ आर्थिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बन चुकी है। भारतीय प्रबंधन संस्थान लखनऊ के एक सर्वे का हवाला देते हुए बताया गया कि रोजाना करीब दो लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं, जिससे कारोबार में तेजी आई है और होटल, परिवहन व छोटे उद्योगों में रोजगार के नए अवसर बने हैं।
बैठक में शहर की बुनियादी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जलवानपुरा, जनौरा और मधवा गद्दोपुर जैसे इलाकों में जलभराव पर काफी हद तक नियंत्रण मिलने की जानकारी दी गई। स्वच्छता रैंकिंग में शहर को टॉप टेन में लाने के लिए जनसहयोग बढ़ाने और जिम्मेदार कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण देने का फैसला हुआ।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि शहर में सजावटी विद्युत पोल लगाने के लिए करीब 150 स्थान चिन्हित किए जा चुके हैं। खराब लाइटों की मरम्मत संस्था के माध्यम से कराई जाएगी और इस संबंध में पार्षदों व वेंडर्स की बैठक भी होगी। ऊदा देवी के नाम पर चौराहे का नामकरण, शहर में अंबेडकर प्रतिमा स्थापना और अशफाक उल्ला खान की आदमकद प्रतिमा लगाने के प्रस्ताव भी सामने आए।

विद्याकुंड, सीताकुंड और दशरथकुंड की सफाई नगर निगम कर्मचारियों से कराने, विस्तारीकरण क्षेत्र में ग्राम समाज की जमीन चिन्हित करने तथा साकेतपुरी कॉलोनी को नगर निगम में शामिल करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। रमजान को ध्यान में रखते हुए सुबह 3 बजे से 5:30 बजे तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने और धार्मिक स्थलों के आसपास सफाई व्यवस्था मजबूत करने का निर्णय लिया गया।
स्वच्छता कार्य में लापरवाही पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए दो कंपनियों का 15 दिन का भुगतान रोकने की जानकारी दी। बैठक का संचालन अपर आयुक्त सुमित कुमार ने किया और रुदौली के शहीद देवेश सिंह को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।






