
बाराबंकी, 3 अक्टूबर 2026:
यूपी के बाराबंकी में Purvanchal Expressway पर शनिवार सुबह सड़क किनारे खड़ी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के समय बस के दोनों चालक वाहन के पीछे जाकर उसकी जांच कर रहे थे। दोनों बस और ट्रक के बीच दब गए। हादसे में बिहार के अररिया जिले के डीडवा निवासी अक्षय और वीर चंद्रा की मौके पर मौत हो गई। बस में करीब 80 यात्री सवार थे।
बस में खराबी की आशंका पर रोका था वाहन
हादसा सुबेहा क्षेत्र में महादेव पुरवा पुल के पास एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 52.7 पर सुबह करीब पांच बजे हुआ। दिल्ली से बिहार जा रही बस के चालक को रास्ते में वाहन में खराबी की आशंका हुई। उसने बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद दोनों चालक बस के पीछे जाकर वाहन की जांच करने लगे। इसी दौरान पीछे से आया तेज रफ्तार ट्रक बस में जा घुसा।
बस और ट्रक के बीच फंसे दोनों चालक
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के पीछे खड़े दोनों चालक ट्रक और बस के बीच दब गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसओ बेचू यादव पुलिस बल के साथ रेस्क्यू में जुट गए।

चार यात्री घायल, ट्रक चालक-परिचालक भी गंभीर
हादसे में बिहार के अररिया जिले के डीडवा निवासी राहुल कुमार मंडल, गोपालपुर पारसोली निवासी अजय कुमार बिंद, डब्लू कुमार और सुपौल जिले के छातापुर निवासी मदन कुमार घायल हुए हैं। सभी को अमेठी के बाजार शुकुल स्थित सीएचसी भेजा गया। इनमें दो यात्री, ट्रक चालक और परिचालक की हालत गंभीर बताई गई है। गंभीर घायलों को अमेठी रेफर किया गया। कुछ अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
यात्रियों को दूसरे वाहन से भेजा, नींद आने से हादसे की आशंका
पुलिस ने हादसे के बाद बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया। मौके पर रेस्क्यू के साथ क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई भी की गई। ARTO प्रशासन अमिताभ राय ने बताया कि शुरुआती जांच में ट्रक चालक को नींद आने के कारण हादसा होने की आशंका सामने आई है। मामले की जांच के लिए संभागीय तकनीकी निरीक्षक बलवंत सिंह यादव को मौके पर भेजा गया है।






