बाराबंकी, 1 मार्च 2026 :
बाराबंकी जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां रविवार को असंद्रा थाना क्षेत्र के रतौली गांव में उस वक्त अफरातफरी का महौल बन गया जब दो चचेरे भाइयों की खेत की सिचाई के दौरान विद्युत करंट की चपेट में आने मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाकर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। जानकारी के मुताबिक रतौली गांव निवासी राम कुमार पाल और साहब प्रसाद सुबह करीब आठ बजे अपने खेत की सिचाई कर रहे थे।
इसी दौरान खेत के करीब लगे एक बिजली के खंभे में अचानक करंट आ गया। इस अनजान दोनों भाई उसकी चपेट में आकर तड़पने लगे और गंभीर रूप से झुलस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राम कुमार पाल जब पोल के पास से गुजर रहे थे तभी उनका बैलेंस बिगड़ गया और वे खंभे से चिपककर तड़पने लगे, जिसे देख उनके चचेरे भाई साहब प्रसाद उन्हें मौके पर पहुंचकर बचाने का प्रयास किया लेकिन वे भी भाई के साथ खंभे से चिपक गए , और दोनों जमीन पर गिर पड़े व गंभीर रूप से झुलस गए। इस दौरान उनके आसपास मौजूद ग्रामीण भागकर पास पहुंचे और उन्हें खंभे से अलग किया, लेकिन तब तक दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना के बाद उनके परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे की सूचना पर पुलिस और नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मिलकर हर संभव सरकारी मदद का आश्वासन दिया। प्रशासन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग की इस घोर लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए घटना की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।






