Lucknow City

भाजपा की सूची में ‘भूल’ या बड़ी चूक? आठ महीने पहले गुजर चुके नेता को बना दिया पदाधिकारी

अवध क्षेत्र संगठन की ओर से जारी पदाधिकारियों की सूची में जिस व्यक्ति को जिला प्रतिनिधि बताया गया उनका हो चुका है निधन, स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उठाए सवाल

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 26 फरवरी 2026:

भारतीय जनता पार्टी के अवध क्षेत्र संगठन की ओर से जारी पदाधिकारियों की सूची ने लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में हैरानी और नाराजगी दोनों बढ़ा दी है। सूची में एक ऐसे नेता का नाम जिला प्रतिनिधि पद पर दर्ज कर दिया गया जिनका करीब आठ महीने पहले बीमारी के बाद निधन हो चुका है। इस चूक को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही और संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज के परेहटा निवासी भाजपा के कार्यकर्ता और अधिवक्ता आनंद कुमार पांडे का बीमारी के चलते निधन हो गया था। उनके निधन के बाद तत्कालीन जिलाध्यक्ष और क्षेत्रीय अध्यक्ष स्वयं उनके आवास पर पहुंचे थे। परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की थी। ऐसे में दिवंगत कार्यकर्ता का नाम संगठनात्मक सूची में शामिल होना कार्यकर्ताओं को और अधिक खटक रहा है।

WhatsApp Image 2026-02-26 at 11.18.01 AM

यह सूची सार्वजनिक होने के बाद क्षेत्र के बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक चर्चा तेज हो गई। कई कार्यकर्ताओं ने इसे महज टाइपिंग की गलती नहीं बल्कि संगठनात्मक समन्वय की गंभीर कमी बताया। उनका कहना है कि यदि संगठन अपने समर्पित कार्यकर्ताओं के निधन जैसी बुनियादी जानकारी तक अद्यतन नहीं रख पा रहा है तो यह जमीनी स्तर से संवाद टूटने का संकेत है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सूची जल्दबाजी में तैयार की गई होगी या फील्ड स्तर से मिली जानकारी को ठीक से सत्यापित नहीं किया गया। इससे न केवल संगठन की विश्वसनीयता पर असर पड़ता है बल्कि कार्यकर्ताओं का मनोबल भी कमजोर होता है। फिलहाल इस पूरे मामले पर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सूची में संशोधन किए जाने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button