Lucknow City

कोहरे में लखनऊ की जगह दिल्ली पहुंच गया विमान…चार घण्टे बाद हुई वापसी

दमाम से लखनऊ आ रही थी फ्लाइट, कम विजिबिलिटी के चलते कई चक्कर लगाने के बाद एटीसी का फैसला, कई उड़ानें देरी का शिकार

लखनऊ, 1 फरवरी 2026:

राजधानी लखनऊ में सुबह घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर साफ नजर आया। दमाम से लखनऊ आ रही फ्लाइनेस की अंतरराष्ट्रीय उड़ान को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी और उसे दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक फ्लाइनेस की उड़ान संख्या XY 896 को सुबह करीब 5 बजकर 15 मिनट पर लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन रनवे साफ नजर न आने की वजह से एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने लैंडिंग की इजाजत नहीं दी। इसके बाद विमान काफी देर तक लखनऊ एयरपोर्ट के आसपास आसमान में चक्कर लगाता रहा।

मौसम में सुधार न होने पर एटीसी के निर्देश पर विमान को दिल्ली एयरपोर्ट भेज दिया गया, जहां उसे सुरक्षित उतार लिया गया। इस फ्लाइट में करीब 200 यात्री सवार थे, जिन्हें लखनऊ की बजाय दिल्ली उतरना पड़ा। बाद में मौसम ठीक होने पर यही विमान सुबह करीब 9 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर लखनऊ पहुंच सका।

ये भी पढ़ें:

खराब मौसम का असर अन्य उड़ानों पर भी देखने को मिला। दिल्ली से सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर लखनऊ पहुंचने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX 2171 करीब दो घंटे की देरी से राजधानी पहुंची। इसी तरह लखनऊ से दमाम जाने वाली फ्लाइनेस की उड़ान XY 897 तय समय सुबह 6 बजकर 15 मिनट के बजाय करीब 10 बजे रवाना हो सकी।

Advertisement

वहीं लखनऊ से सुबह 7 बजकर 25 मिनट पर रियाद जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX 189 भी देरी का शिकार रही और यह उड़ान सुबह करीब 9 बजकर 40 मिनट पर उड़ान भर पाई। लगातार खराब मौसम और घने कोहरे के कारण विमान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें  योगी की अफसरों को हिदायत, कहा...कोई न छूटे, होली से पहले सभी कर्मचारियों को मिल जाए वेतन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link