Business

बजट का इम्पैक्ट : एफएंडओ पर STT बढ़ा…शेयर बाजार में भारी बिकवाली

सेंसेक्स 2000 अंक लुढ़का, निफ्टी 700 अंक टूटा, मेटल और कैपिटल शेयरों में तेज दबाव

बिजनेस डेस्क, 1 फरवरी 2026:

बजट में फ्यूचर एंड ऑप्शन (एफएंडओ) से जुड़े लेनदेन पर सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) बढ़ाने के ऐलान के बाद शेयर बाजार में जोरदार बिकवाली देखने को मिल रही है। सरकार ने एफएंडओ में STT को 0.10 फीसदी से बढ़ाकर 0.15 फीसदी कर दिया है। पिछली बार भी इस टैक्स में बढ़ोतरी की गई थी। लगातार दूसरे साल हुए इस बदलाव से निवेशकों की धारणा कमजोर हुई है।

बजट में ऐलान के बाद बाजार खुलते ही सेंसेक्स में करीब 2000 अंकों की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी 700 अंक टूटकर कारोबार करता नजर आया। निफ्टी 25 हजार के आसपास फिसल गया है और सेंसेक्स 82 हजार के नीचे आ गया। कैपिटल सेक्टर और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला। बीएसई और ग्रो जैसे शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई। वहीं वेदांता, हिंदुस्तान जिंक और हिंदुस्तान कॉपर जैसे मेटल शेयरों में भारी बिकवाली दिखी।

बाजार खुलते ही हिंदुस्तान जिंक के शेयर करीब 10 फीसदी टूट गए। हिंदुस्तान कॉपर में 18 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई। हिंदुस्तान एल्युमिनियम में लगभग 5 फीसदी और हिंडाल्को में करीब 7 फीसदी की कमजोरी देखी गई। हालांकि बाद में मेटल शेयरों में कुछ रिकवरी आई और कई स्टॉक्स हरे निशान में लौटते दिखे।

विदेशी निवेशकों के लिए राहत की घोषणा

बजट में शेयर बाजार को लेकर एक अहम फैसला भी लिया गया है। अब PIO यानी विदेशों में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों को भारतीय बाजार में निवेश की अनुमति दी गई है। इस फैसले से आने वाले समय में विदेशी निवेश बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
बीएसई के टॉप 30 शेयरों में से 18 में तेजी जबकि 12 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। टाटा स्टील, इंफोसिस, एचसीएलटेक और बजाज फाइनेंस के शेयर दबाव में रहे। दूसरी ओर सन फार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में करीब डेढ़ फीसदी तक की तेजी देखी गई।

डिफेंस शेयरों में चमक

कमजोर बाजार के बीच डिफेंस सेक्टर में रौनक बनी रही। BEL के शेयर 2 फीसदी से ज्यादा चढ़े। मझगांव डॉक, कोचिन शिपयार्ड, पीटीसी इंडिया, एचएएल और जेन टेक के शेयरों में भी अच्छी तेजी दर्ज की गई। ऑटो, फार्मा, एफएमसीजी और बैंकिंग सेक्टर को छोड़कर लगभग सभी सेक्टरों में करीब 1 फीसदी तक की गिरावट रही। पीएसयू बैंक शेयरों पर भी दबाव बना रहा। कुल मिलाकर STT बढ़ोतरी के असर से बाजार में फिलहाल बेचैनी का माहौल बना हुआ है, जबकि निवेशक आगे की रणनीति पर नजरें टिकाए हुए हैं।

क्या है STT

शेयर बाजार में किसी भी एसेट की खरीद और बिक्री पर लगने वाले टैक्स को सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स कहा जाता है। इस बार सरकार ने एफ एंड ओ सेगमेंट में प्रीमियम की खरीद और बिक्री पर STT बढ़ाया है, जिससे ट्रेडिंग लागत बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button