Lucknow City

पर्यटन की पाठशाला : लखनऊ की विरासत से रूबरू हुए 107 प्रशिक्षु अफसर, लिया स्वाद का मजा

यूपी पर्यटन निगम की विशेष फैम ट्रिप में रेजीडेंसी से कुकरैल तक किया भ्रमण, ऐतिहासिक धरोहरों, अवधी खानपान और इको-टूरिज्म की संभावनाओं से हुए परिचित

लखनऊ, 7 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ रविवार को राज्य सेवा के 107 प्रशिक्षु अधिकारियों के लिए पर्यटन, इतिहास और संस्कृति की एक जीवंत पाठशाला बन गई। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) की ओर से आयोजित विशेष ‘लखनऊ दर्शन’ फैम ट्रिप के माध्यम से भावी प्रशासनिक अधिकारियों को शहर की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत से परिचित कराया गया।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के प्रशिक्षित गाइड की अगुवाई में इस विशेष भ्रमण की शुरुआत ऐतिहासिक रेजीडेंसी से हुई। यहां प्रशिक्षु अधिकारियों ने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी महत्वपूर्ण स्मृतियों और घटनाओं को नजदीक से देखा तथा उनके ऐतिहासिक महत्व को समझा। इसके बाद दल ने बड़ा इमामबाड़ा, विश्व प्रसिद्ध भूलभुलैया और भव्य रूमी दरवाजा का भ्रमण किया। अवधकालीन स्थापत्य कला की उत्कृष्टता और वास्तुशिल्प की बारीकियों ने अधिकारियों को विशेष रूप से आकर्षित किया।

भ्रमण के अगले चरण में अधिकारियों ने छोटा इमामबाड़ा, पिक्चर गैलरी और ऐतिहासिक घंटाघर का दौरा किया। इस दौरान उन्हें इन धरोहरों की सांस्कृतिक समृद्धि, स्थापत्य विशेषताओं और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी गई। प्रशिक्षु अधिकारियों ने लखनऊ की गौरवशाली विरासत को करीब से महसूस करते हुए उसकी विशिष्ट पहचान को समझा।

Paryatan Ki Pathshala 107 Trainee Officers Discover Lucknow (1)

फैम ट्रिप का एक महत्वपूर्ण आकर्षण लखनऊ की विश्व प्रसिद्ध खानपान संस्कृति भी रही। अधिकारियों ने पारंपरिक अवधी व्यंजनों का स्वाद चखते हुए शहर की समृद्ध पाक विरासत और सांस्कृतिक विविधता का अनुभव किया। इससे उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि पर्यटन केवल ऐतिहासिक स्थलों तक सीमित नहीं बल्कि स्थानीय संस्कृति और खानपान भी इसकी महत्वपूर्ण पहचान हैं।

इसके बाद दल ने कुकरैल पिकनिक स्पॉट का भ्रमण कर प्राकृतिक सौंदर्य, जैव-विविधता और इको-टूरिज्म की संभावनाओं का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति आधारित पर्यटन के महत्व को भी समझा। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ऐसे फैम ट्रिप पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक धरोहरों और स्थानीय विशेषताओं को नजदीक से जानने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विरासत, संस्कृति, अध्यात्म, प्रकृति और ग्रामीण पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजन प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रदेश की पर्यटन संपदा से परिचित कराने के साथ-साथ पर्यटन विकास की चुनौतियों और संभावनाओं को समझने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button