लखनऊ, 25 मई 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। आईआईटी पास एक छात्र ने चौक इलाके में कथित तौर पर गोमती नदी में छलांग लगा दी। युवक का नाम प्रखर पाल बताया गया है। उसने रविवार को यूपीएससी की परीक्षा दी थी। पेपर खराब होने से वह तनाव में था। माना जा रहा है कि तनाव के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह पक्का पुल के पास एक स्कूटी काफी देर से खड़ी दिखाई दी। कुछ लोगों ने देखा कि एक युवक कपड़े उतारकर नदी की ओर बढ़ा और अचानक गोमती में छलांग लगा दी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। दोपहर बाद तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस लगातार नदी में तलाश अभियान चला रही है।

बताया जा रहा है कि प्रखर पाल चौक के राजकीय हुसैनाबाद इंटर कॉलेज की उपप्रधानाचार्य सुष्मलता का बेटा है। ये कॉलेज घटनास्थल के नजदीक ही है। बेटे के नदी में कूदने की खबर मिलते ही वह बदहवास हालत में मौके पर पहुंचीं। नदी तट पर रोते हुए उन्होंने बताया कि प्रखर रविवार को यूपीएससी की परीक्षा देने गया था। लौटकर कह रहा था कि उसका पेपर अच्छा नहीं गया। इस पर मां ने कहा था कि कोई बात नहीं अगला पेपर ध्यान से देना।
इसके बाद उससे कोई बातचीत नहीं हो सकी। प्रखर के पिता विष्णु गोपाल पाल का कुछ साल पहले निधन हो चुका है। पुलिस को युवक की एक्टिवा पक्के पुल के पास मिली। स्कूटी की डिक्की में उसके कपड़े रखे हुए थे। हेल्मेट भी वहीं लगा मिला। फिलहाल पुलिस गोमती नदी में युवक की तलाश जारी है।






