योगेंद्र मलिक
उधमसिंह नगर, 20 जून 2026:
सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत शनिवार तड़के उधमसिंह नगर जिले में नानकमत्ता साहिब के पास नानक सागर क्षेत्र में बनी एक अवैध मजार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर हटा दिया। अधिकारियों के मुताबिक यह निर्माण सिंचाई विभाग की जमीन पर किया गया था और दस्तावेज पेश नहीं किए जाने के बाद संयुक्त कार्रवाई की गई।
एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि करीब एक माह पहले संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर जमीन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए थे, लेकिन तय समय के भीतर कोई वैध कागजात नहीं दिए गए। इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का फैसला लिया। शनिवार सुबह सिंचाई विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

बुलडोजर की मदद से निर्माण को हटाया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई। मलबा हटाने के बाद मौके की जांच भी की गई, लेकिन वहां से किसी तरह के अवशेष या दूसरी सामग्री मिलने की बात सामने नहीं आई।
एडीएम पंकज उपाध्याय ने कहा कि सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने का अभियान लगातार जारी है। जिले में कई अन्य संदिग्ध और अवैध निर्माणों को भी नोटिस दिए गए हैं, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री पहले ही साफ कर चुके हैं कि सरकारी जमीन पर किसी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सरकार के मुताबिक अब तक करीब 12 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है। राज्य सरकार का दावा है कि अब तक 593 अवैध मजारों समेत 42 अन्य धार्मिक संरचनाओं को भी हटाया जा चुका है।






