लखनऊ, 20 जून 2026:
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को यूपी एक नया इतिहास रचने की तैयारी में है। प्रदेश के 1.32 लाख परिषदीय विद्यालयों के लगभग 1.42 करोड़ छात्र-छात्राएं तथा 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत 78 हजार से अधिक छात्राएं 21 जून को आयोजित होने वाले सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेंगी। योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रदेशभर के विद्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के साथ शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अभिभावक भी सक्रिय रूप से सहभागी बनेंगे। कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन, अनुश्रवण और समन्वय के लिए शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
यह अभियान योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों की दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गांवों से लेकर शहरों तक विद्यालय परिसर योगमय वातावरण के साक्षी बनेंगे और लाखों बच्चे एक साथ योग कर स्वस्थ भारत का संदेश देंगे।

बेसिक शिक्षा विभाग ने आयुष मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों तथा खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग का उद्देश्य है कि योग दिवस महज एक औपचारिक आयोजन न बनकर विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम बने।
विभागीय निर्देशों के अनुसार विद्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम और योग के महत्व पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित कर योग के संदेश को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश ने योग को विद्यालयी शिक्षा और जनस्वास्थ्य से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय पहल की है। विद्यालयों में नियमित योग गतिविधियों को बढ़ावा देकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 21 जून का यह विशाल आयोजन योग की वैश्विक पहचान को और सशक्त करने के साथ नई पीढ़ी को स्वस्थ, जागरूक, अनुशासित और आत्मविश्वासी बनाने के संकल्प को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।






