Lucknow City

प्रॉपर्टी डीलर के घर से एक करोड़ की चोरी खुली नहीं…अब ब्रोकर के घर से लाखों का माल साफ

दुबग्गा थाना क्षेत्र में सक्रिय हैं चोर, गुरहस्वामी बेटे को लेने गया था लखीमपुर, बंद मकान का ताला तोड़ कर आठ लाख के जेवर व नकदी ले गए चोर, इससे पहले प्रॉपर्टी डीलर सलमान के घर हुई थी वारदात

पंकज

काकोरी (लखनऊ), 15 फरवरी 2026:

दुबग्गा के हरदोई रोड स्थित हिना कॉलोनी सिकरौरी निवासी सईद के बंद मकान पर चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने बंद मकान में घुसकर आठ लाख रुपये के जेवरात समेत 55 हजार रुपये की नगदी चोरी कर फरार हो गए।

प्रॉपर्टी डीलिंग में ब्रोकर का काम करने वाले सईद पत्नी के साथ बेटे को लेने लखीमपुर खीरी ससुराल गए थे। घर के मुख्य गेट में ताला बंद कर निकले थे। रविवार दोपहर को वापस आने पर घटना की जानकारी हुई। अंदर का मंजर देखकर सन्न रह गए। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी के लॉकर टूटे हुए थे। चोर अलमारी में रखे सोने के कड़े, बंदे, अंगूठियां, चांदी की पायल समेत विभिन्न जेवरात उठा ले गए। जेवरों की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है।

इसके अलावा करीब 55 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप, स्मार्ट वॉच, चैन वॉच व अन्य कीमती सामान भी चोरी कर लिया गया। घटना से परिवार गहरे सदमे में है। वर्षों की मेहनत से जोड़ा गया सामान एक ही रात में लुट गया। मौके पर पहुंची पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

बता दें इसी महीने दुबग्गा थाना क्षेत्र में ही प्रापर्टी डीलर सलमान के बंद मकान में एक करोड़ रुपये के जेवरात चोरी हो गए थे, जिसका अभी तक पुलिस ने खुलासा नहीं किया वही दूसरी ओर अब आठ लाख रुपये के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। दोनो घरों के बीच की दूरी लगभग आधा किलोमीटर के अंदर है। इलाके में किसी गिरोह सक्रिय होने की आशंका से लोग दहशत में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button