लखनऊ, 23 फरवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के ऐतिहासिक चौक क्षेत्र में आज साहित्य और शहर की साझा विरासत को समर्पित एक भावुक पल देखने को मिला। पद्म विभूषण से सम्मानित प्रसिद्ध साहित्यकार अमृतलाल नागर की पुण्यतिथि पर सोमवार को चौक चौराहे का नाम बदलकर ‘अमृतलाल नागर चौराहा’ रखा गया। इस अवसर पर आयोजित नामकरण समारोह में महापौर सुषमा खर्कवाल मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं।
महापौर ने कहा कि अमृतलाल नागर की लेखनी ने लखनऊ की तहजीब, संस्कृति और आम जनजीवन को जीवंत रूप दिया है। उनके नाम पर चौराहे का नामकरण शहर की सांस्कृतिक पहचान को सहेजने की दिशा में एक सार्थक कदम है। यह आने वाली पीढ़ियों को साहित्यिक विरासत से जोड़ता रहेगा।
इसके साथ चौक कालीजी बाजार वार्ड में विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया गया। मिर्जा मंडी मोहल्ले में 9.85 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड बनेगी। शंकरी टोला में सीसी रोड व नाली निर्माण पर 9.90 लाख रुपये खर्च होंगे। श्री कोनेश्वर मंदिर से एमपी हॉस्पिटल तक सड़क व नाली निर्माण के लिए 9.80 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। शंकरी टोला पार्क, दर्जी बगिया पार्क, टंडन फव्वारा और लाजपतनगर पार्क की रंगाई-पुताई पर 9.88 लाख रुपये तथा सोंधी टोला पार्क में बाउंड्री, गेट व फुटपाथ निर्माण पर 19.93 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
महापौर ने कहा कि इन परियोजनाओं से आवागमन सुगम होगा, जल निकासी मजबूत बनेगी और पार्कों के सौंदर्यीकरण से नागरिकों को स्वच्छ व सुरक्षित माहौल मिलेगा। कार्यक्रम में पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, स्थानीय पार्षद अनुराग मिश्रा ‘अन्नू’, डॉ. उमंग खन्ना, लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम कपूर, कवि सर्वेश अस्थाना सहित कई लोग उपस्थित रहे।






