Uttarakhand

Uttarakhand News : आस्था के 50 साल, विकास का नया संकल्प… CM धामी ने किया मां कुंजापुरी मेले का आगाज

नरेंद्रनगर में शुरू हुआ नौ दिवसीय स्वर्ण जयंती मेला, 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी और धार्मिक पर्यटन से रिवर्स पलायन तक का खाका पेश, लोक संस्कृति की झांकियों ने मोहा मन

योगेंद्र मलिक

टिहरी गढ़वाल, 12 अक्टूबर 2026:

उत्तराखंड की लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और विकास की पांच दशक पुरानी परंपरा का उत्सव रविवार को नरेंद्रनगर में भव्यता के साथ शुरू हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामुदायिक मैदान में 50वें मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर नौ दिवसीय आयोजन का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत करने, युवाओं को रोजगार और पलायन रोकने के लिए सरकार के प्रयासों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1974 से आयोजित हो रहा यह मेला आस्था और संस्कृति के साथ व्यापार, पर्यटन तथा क्षेत्रीय विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने शहीद स्थल पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और मां कुंजापुरी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। मेले में निकली आकर्षक झांकियों ने उत्तराखंड की लोक परंपराओं, धार्मिक आस्था और बदलते नरेंद्रनगर की तस्वीर पेश की।

ये भी पढ़ें:

धार्मिक पर्यटन से रोजगार तक, सरकार का फोकस

धामी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, बदरी-केदार क्षेत्र और मानसखंड मंदिरों के विकास से देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का विस्तार धार्मिक पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाता है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि पलायन रोकना और स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। होमस्टे, दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन और एप्पल मिशन जैसी योजनाओं के जरिए स्थानीय उत्पादों, कृषि और पर्यटन को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इससे पहाड़ की महिलाओं की आजीविका और रिवर्स पलायन की संभावनाओं को मजबूती मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और सशक्त भू-कानून सहित विभिन्न निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं।

cm-dhami-inaugurates-50th-maa-kunjapuri-tourism-development-fair (2)

टिहरी में विकास परियोजनाओं पर फोकस

धामी ने टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड और पर्यटन मार्ग के निर्माण सहित नरेंद्रनगर में पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय, विधि महाविद्यालय, गजा अस्पताल के उच्चीकरण और करीब 50 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना का जिक्र किया।

लोक संस्कृति के रंगों से सजा मेला

उद्घाटन समारोह में छोलिया नृत्य, महिषासुर मर्दिनी, नरसिंह अवतार, माखन होली, मां कुंजापुरी और बदलता नरेंद्रनगर जैसी झांकियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। विद्यालयों के विद्यार्थियों और सांस्कृतिक दलों ने भी उत्साह से भाग लिया। 19 अक्टूबर तक चलने वाले मेले में खेल प्रतियोगिताओं, स्कूली आयोजनों और सांस्कृतिक संध्याओं के साथ नरेंद्र सिंह नेगी, मीना राणा, किशन महिपाल, पांडवाज बैंड और अन्य कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। समापन पद्मश्री प्रीतम भरत्वाण के जागर गायन के साथ होगा। कार्यक्रम में वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, मेले के संस्थापक सुरेंद्र सिंह पांगती, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  नीलकंठ यात्रा मार्ग पर पैदल घूमे गढ़वाल कमिश्नर, व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link