National

कॉकरोच का क्रेज : सोशल मीडिया पर छाया CJP, बेटे की बढ़ती लोकप्रियता से डरे माता-पिता

मीम्स और सियासी तंज के सहारे चर्चा में आई Cockroach Janta Party ने कुछ ही दिनों में करोड़ों फॉलोअर्स जुटा लिए, संस्थापक अभिजीत दिपके के माता-पिता को डर है कि यह लोकप्रियता उनके बेटे को किसी मुश्किल में डाल सकती है।

न्यूज डेस्क, 22 मई 2026:

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही Cockroach Janta Party यानी CJP अब सिर्फ एक डिजिटल ट्रेंड नहीं रह गई है। मीम्स, सियासी व्यंग्य और युवाओं के मुद्दों को लेकर बने इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ने कुछ ही दिनों में करोड़ों लोगों का ध्यान खींच लिया है। इसके संस्थापक अभिजीत दिपके की लोकप्रियता जितनी तेजी से बढ़ी है, उतनी ही चिंता उनके परिवार की भी बढ़ गई है।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले अभिजीत के माता-पिता भगवान दिपके और अनीता दिपके ने एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि उन्हें डर है कहीं उनका बेटा किसी विवाद में न फंस जाए। परिवार का कहना है कि अभिजीत पहले भी राजनीति से जुड़ा रहा है और उस समय भी उन्होंने उसे इससे दूर रहने की सलाह दी थी।

परिवार के मुताबिक अभिजीत ने महज एक हफ्ते पहले इस डिजिटल ग्रुप की शुरुआत की थी। देखते ही देखते इसके फॉलोअर्स की संख्या 1.9 करोड़ के पार पहुंच गई। सोशल मीडिया पर CJP के मीम्स, पोस्ट और एनिमेटेड कंटेंट लगातार शेयर किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इसका फोकस बेरोजगारी, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं की नाराजगी जैसे मुद्दों पर है।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-05-22 at 1.33.23 PM

Advertisement

अभिजीत दिपके पहले आम आदमी पार्टी के साथ काम कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि CJP बनाने का आइडिया उस वक्त आया, जब भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने एक सुनवाई के दौरान कुछ लोगों के लिए परजीवी और कॉकरोच जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। बाद में इस टिप्पणी को लेकर सफाई भी आई, लेकिन सोशल मीडिया पर कॉकरोच शब्द ट्रेंड बन गया।

अभिजीत के पिता भगवान दिपके ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा डर इसी बात का है कि उनका बेटा अचानक बहुत मशहूर हो गया है। उनका कहना है कि आज के माहौल में सोशल मीडिया पर ज्यादा चर्चा में आने वाले लोगों को लेकर अक्सर विवाद खड़े हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से वह ठीक से सो भी नहीं पाए हैं।

मां अनीता दिपके ने कहा कि वह चाहती हैं कि उनका बेटा नौकरी और अपने करियर पर ध्यान दे। उन्होंने बताया कि अभिजीत ने शुरुआती पढ़ाई छत्रपति संभाजीनगर में की थी। बाद में वह पुणे गया और फिर विदेश में जर्नलिज्म की पढ़ाई करने चला गया। परिवार चाहता था कि वह दिल्ली या पुणे में नौकरी करे, लेकिन उसने अलग रास्ता चुन लिया।

इधर CJP को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश के पूर्व भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को कथित तौर पर कॉकरोच जनता पार्टी से जोड़ने की बात कही है। वीडियो में उन्होंने छात्रों और युवाओं के मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि देश में नई राजनीतिक सोच उभर रही है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और एक्स पर भी लोग खुद को CJP का पदाधिकारी बताकर पोस्ट कर रहे हैं। कई यूजर मजाकिया अंदाज में खुद को जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष तक घोषित कर चुके हैं। कुछ पोस्ट में नीचे यह भी लिखा जा रहा है कि इसे गंभीरता से न लिया जाए, यह सिर्फ मनोरंजन के लिए है।

इसी बीच पार्टी के एक्स अकाउंट के बंद होने की चर्चा भी तेज रही। बाद में सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि नया अकाउंट Cockroach Is Back नाम से फिर सक्रिय हो गया है। फिलहाल सोशल मीडिया की दुनिया में कॉकरोच का यह सियासी ट्रेंड जमकर सुर्खियां बटोर रहा है।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  सहारनपुर : गांगरो नदी उफनाईं...अस्थाई पुल बहा शाकुम्भरी देवी जाने वाले श्रद्धालु लौटे

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link