लखनऊ, 22 मई 2026:
राजधानी लखनऊ में बिजली कटौती को लेकर कई दिनों से हाहाकार मचा हुआ है। बिजली विभाग की लापरवाही और बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले तीन-चार दिनों से बिजली गुल होने से लोगों का गुस्सा फूट रहा है। लोग सड़क पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। गुरुवार को भी बिजली कटौती को लेकर लोगों ने जमकर बवाल किया। लोगों ने नारेबाजी की चिनहट राजाजीपुरम व इंदिरानगर में उपकेंद्रों को घेरकर गुस्से का इजहार किया।
इंदिरानगर सेक्टर 25 उपकेंद्र पर नौ बजे बिजली चली गई। जब रात डेढ़ बजे तक बिजली नहीं आई तो लोग घरों से बाहर निकले और पावर हाउस पर जमकर बवाल किया। ट्रांस गोमती में भी यही हाल रहा। जानकीपुरम विस्तार सेक्टर छह उपकेंद्र में तो लोग कंट्रोल रूम में घुस गए और कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हो गई। लोगों का गुस्सा देखकर कर्मचारी कंट्रोल रूम छोड़कर भाग गए। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत किया।

बिजली कटौती से परेशान सैकड़ों लोगों ने आधी रात को अपट्रान उपकेंद्र पर हंगामा किया। लोगों का गुस्सा देखकर कर्मचारियों ने पावर हाउस के मुख्य गेट पर ताला डाल दिया। इससे भीड़ और भड़क गई और लोगों ने उपकेंद्र पर ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद बिजली कर्मचारियों ने रातभर काम करके केबिल को ठीक किया। वहीं, चिनहट का ओमेगा उपकेंद्र बीती रात ठप हो गया। इससे ओमेगा अपार्टमेंट, जुग्गौर आदि में अंधेरा छा गया।
बिजली को लेकर राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। सआदतगंज के ओल्ड नूरबाड़ी उपकेंद्र और राजाजीपुरम इलाके में बिजली आपूर्ति ठप होने से गुस्साए लोग गुरुवार देर रात सड़कों पर उतर आए और उपकेंद्रों पर प्रदर्शन किया। आलमबाग के प्रेमनगर, जयप्रकाश नगर और सुखलाल मार्ग अंधेरे में डूब गए। लोग घरों से निकल कर उपकेंद्र पहुंचे और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।






