Lucknow City

नौतपा में मौसम के दिखे ‘नौरंग’… बारिश व ओलों ने उमस पर पानी फेरा, तेज आंधी से सहमे लोग

प्रदेशभर में मौसम ने अचानक ली करवट, कहीं ओलावृष्टि तो कहीं धूलभरी आंधी के बाद झमाझम बारिश, लखीमपुर खीरी में दीवार गिरने से मासूम की मौत

लखनऊ, 31 मई 2026:

नौतपा के बीच उत्तर प्रदेश में मौसम ने रविवार को एक बार फिर रंग बदला जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत तो मिली, लेकिन कई जगह तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने मुश्किलें भी बढ़ा दीं। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में ये फेरबदल देखा गया। इस बीच हादसे भी होते रहे कहीं टीनशेड उड़े तो कहीं दीवार भरभराकर गिर गई।

लगातार तीन दिनों से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। इसका असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कुछ दिन पहले तक जहां प्रदेश के कई जिले भीषण लू और प्रचंड गर्मी की चपेट में थे, वहीं अब तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस मुरादाबाद में रिकॉर्ड किया गया।

Colors of Nautapa Weather Changes and Impacts (1)

मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया था। इसी बीच रविवार दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। अमरोहा में बारिश के साथ ओले गिरे, जबकि लखनऊ, संभल, मुरादाबाद, हाथरस, गोंडा और बलरामपुर, बलिया में तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश दर्ज की गई। हालांकि शाम ढलने से पहले आसमान में सूरज देवता के फिर से दर्शन हुए।

विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ घंटों तक मौसम का असर बना रह सकता है। शाहजहांपुर, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर समेत 19 जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

तेज आंधी और बारिश के बीच कुछ जिलों से हादसों की खबरें भी सामने आई हैं। लखीमपुर खीरी में रविवार दोपहर कच्ची दीवार गिरने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आंधी और बारिश के दौरान दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

फिलहाल प्रदेश में फिलहाल अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने के संकेत हैं। इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन आंधी और बिजली गिरने जैसी घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button