AyodhyaLucknow City

Deepotsav 2026: रामनगरी में 30 लाख दीपों के बीच दिखेगा पुष्पक विमान, राम रथ और राम दरबार का भव्य संसार

दीपोत्सव-2026 में अयोध्या के प्रवेश द्वारों से राम की पैड़ी तक रामायण थीम पर होगी सजावट, 20 सेल्फी प्वाइंट और 10 वे-फाइंडर बनेंगे आकर्षण, सरयू की लहरों पर तैरेंगे आकर्षक फ्लोटर्स

लखनऊ/अयोध्या, 7 अक्टूबर 2026:

अयोध्या में इस बार दीपोत्सव सिर्फ लाखों दीयों की रोशनी तक सीमित नहीं रहेगा। पूरी रामनगरी रामायण की जीवंत झांकी में तब्दील नजर आएगी। छह से आठ नवंबर तक होने वाले दीपोत्सव-2026 में प्रमुख चौराहों, प्रवेश मार्गों, राम कथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट तक रामायण की थीम पर कलात्मक सजावट की जाएगी। सात नवंबर को मुख्य आयोजन के दौरान अयोध्या के 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए जाएंगे। इनके साथ पुष्पक विमान, राम रथ, राम दरबार, भरत मिलाप मंच और आकर्षक फ्लोटर्स श्रद्धालुओं के अनुभव को और भव्य बनाएंगे।
deepotsav-2026-ayodhya-30-lakh-diyas-ram-ki-paidi-pushpak-viman (2)

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने दीपोत्सव के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत रामनगरी में करीब 10 प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर लगाए जाएंगे। प्रमुख प्रवेश मार्गों, चौराहों और आयोजन स्थलों के आसपास लगने वाले ये वे-फाइंडर श्रद्धालुओं को स्थान और दिशा की जानकारी देंगे। वर्टिकल स्क्रीन पर भी जरूरी सूचनाएं प्रदर्शित की जाएंगी।

राम कथा पार्क और राम की पैड़ी पर 20 खास सेल्फी प्वाइंट

दीपोत्सव में आने वाले पर्यटकों के लिए राम कथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जाएंगे। हर इंस्टॉलेशन का डिजाइन और थीम अलग होगी। त्रि-आयामी कलाकृतियों में अयोध्या और दीपोत्सव की झलक दिखाई देगी। लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी तक भी आकर्षक आर्ट इंस्टॉलेशन तैयार किए जाएंगे, जो लोगों को तस्वीरें लेने के साथ रामायण के प्रसंगों से जोड़ेंगे।

ये भी पढ़ें:

प्रवेश करते ही दिखेगा रामायण का संसार

इस बार अयोध्या के प्रमुख प्रवेश मार्ग भी दीपोत्सव के रंग में रंगे नजर आएंगे। लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से आने वाले मार्गों तथा धर्म पथ पर रामायण की थीम से सजे 10 भव्य द्वार बनाए जाएंगे। हर द्वार की अपनी अलग डिजाइन और पहचान होगी। रोशनी से जगमगाते ये गेट श्रद्धालुओं को अयोध्या में प्रवेश करते ही दीपोत्सव की भव्यता का एहसास कराएंगे।

Advertisement

पुष्पक विमान और राम दरबार होंगे खास आकर्षण

राम की पैड़ी के पास पुष्पक विमान थीम पर रोडसाइड इंस्टॉलेशन तैयार किया जाएगा। इसके साथ राम रथ और रामायण आधारित झांकी भी लोगों का ध्यान खींचेगी। राम की पैड़ी के समीप राम दरबार की भव्य प्रस्तुति होगी, जबकि राम कथा पार्क के पास हेलीपैड क्षेत्र में भरत मिलाप मंच और पाथवे विकसित किए जाएंगे। सरयू और राम की पैड़ी पर आकर्षक फ्लोटर्स भी दीपोत्सव की चमक बढ़ाएंगे।
deepotsav-2026-ayodhya-30-lakh-diyas-ram-ki-paidi-pushpak-viman (3)

राम कथा पार्क का स्थायी मंच भी नए कलेवर में नजर आएगा। यहां एलईडी स्क्रीन, उच्च गुणवत्ता वाली ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, थीम आधारित रंगीन कपड़े, पुष्प सज्जा और रंगोली के जरिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए भव्य माहौल तैयार किया जाएगा।

नई पीढ़ी को रामायण से जोड़ने की कोशिश

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव में अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नए रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि प्रमुख मार्गों पर रामायण के विभिन्न कांडों और प्रसंगों पर आधारित स्थापनाएं बनाई जा रही हैं। इनमें लंका कांड समेत प्रमुख प्रसंगों को सरल भाषा में एक-एक पंक्ति के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

इस पहल का मकसद बच्चों और नई पीढ़ी को रामायण की कथाओं से सहजता से जोड़ना है। इस बार अयोध्या का दीपोत्सव सिर्फ रोशनी का उत्सव नहीं बल्कि संस्कृति, संस्कार, कला और ज्ञान का भी भव्य अनुभव देने की तैयारी में है।

ये भी पढ़ें  Up News : लखनऊ में आज खुलेगा ‘अपने घर’ का बड़ा रास्ता, CM योगी लॉन्च करेंगे नैमिष नगर-वरुण विहार योजना

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link