Lucknow CityPolitics

UP Politics: मोदी-योगी की मुलाकात से बढ़ी हलचल, राज्यसभा से 2027 तक… क्या है दिल्ली बैठक का एजेंडा?

विधानसभा चुनाव से पहले 16 अक्टूबर को यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर मतदान और 23 अक्टूबर को एमएलसी सीटों के चुनाव के बीच हुई मुलाकात, सियासी चर्चाएं तेज

लखनऊ, 26 सितंबर 2026:

यूपी की सियासत में शनिवार को उस वक्त हलचल बढ़ गई जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री आवास पर दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक लंबी रही। मुलाकात का आधिकारिक एजेंडा अभी सामने नहीं आया है लेकिन इसका समय ऐसा है कि यूपी की सियासत में इसके मायने तलाशे जाने लगे हैं।

खास तौर पर 16 अक्टूबर को होने वाले राज्यसभा चुनाव और उसके ठीक एक सप्ताह बाद 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनाव के बीच हुई इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा अगले वर्ष प्रस्तावित यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी राजनीतिक दलों के केंद्र में हैं। हालांकि, राज्यसभा या विधानसभा चुनाव की रणनीति पर बैठक में चर्चा होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को फिरोजाबाद के ओडीओपी ग्लासवर्क से निर्मित भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की। बैठक के बाद योगी ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण के लिए उन्हें सदैव नई ऊर्जा देता है और अमूल्य समय देने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया।

ये भी पढ़ें:

योगी की दिल्ली यात्रा का राजनीतिक महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि अगले कुछ दिनों में यूपी की चुनावी राजनीति में कई अहम घटनाक्रम होने हैं। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा। 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। 6 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तारीख है। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना होगी।

Advertisement

इन 10 सीटों में फिलहाल आठ भाजपा, एक समाजवादी पार्टी और एक बहुजन समाज पार्टी के पास है। भाजपा के जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा उनमें अरुण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, बृजलाल, बीएल वर्मा, सीमा द्विवेदी और हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं। डॉ. दिनेश शर्मा राज्यपाल बनाए जाने के बाद राज्यसभा से इस्तीफा दे चुके हैं।

इसके बाद 23 अक्टूबर को यूपी की विधान परिषद की 11 स्नातक-शिक्षक सीटों पर मतदान होना है। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।
योगी आदित्यनाथ की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद अब निगाहें उनकी प्रस्तावित अन्य बैठकों पर भी हैं। मुख्यमंत्री की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत अन्य नेताओं से मुलाकात का कार्यक्रम है।

ऐसे में सवाल यही है कि दिल्ली दौरे के दौरान यूपी से जुड़े किन राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर अंतिम स्तर पर विचार-विमर्श होता है। फिलहाल आधिकारिक तौर पर इतना ही सामने आया है कि मोदी-योगी की मुलाकात हुई और मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन के लिए उनका आभार जताया है।

ये भी पढ़ें  UP में जापानी निवेश का नया प्लान, Kubota संग Spark Minda ने खोला बड़े विस्तार का रास्ता

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link