Lucknow CityUttar Pradesh

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद के हेलीकॉप्टर से धुआं निकला…हवा में अटकी सांस, इमरजेंसी लैंडिंग

उड़ान के दौरान तकनीकी गड़बड़ी आने पर पायलट ने लिया फैसला, सुरक्षित लैंडिंग के बाद दूसरे हेलीकॉप्टर से कौशांबी रवाना हुए उपमुख्यमंत्री

लखनऊ, 7 मार्च 2026:

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर में तकनीकी गड़बड़ी आने के साथ उससे धुआं निकलने लगा, जिसके बाद पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को अमौसी एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया। वहां सुरक्षित तरीके से हेलीकॉप्टर को उतार लिया गया।

इमरजेंसी लैंडिंग के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया गया किबकुछ देर बाद वह दूसरे हेलीकॉप्टर से अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए कौशांबी रवाना हो गए।

डिप्टी सीएम सुबह लखनऊ से कौशांबी के लिए रवाना हुए थे। उन्हें बाबू सिंह डिग्री कॉलेज मैदान, सयारा में आयोजित दो दिवसीय सरस महोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन करना था। इसके लिए उन्होंने लखनऊ के ला मार्टिनियर स्कूल के मैदान से हेलीकॉप्टर से उड़ान भरी थी।

उड़ान भरने के बाद हेलीकॉप्टर करीब 50 किलोमीटर दूर बछरावां के पास पहुंच चुका था और लगभग 2000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान हेलीकॉप्टर का डिस्प्ले बोर्ड अचानक बंद हो गया। पायलट ने इसे तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मानते हुए तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

अनुमति मिलने के बाद हेलीकॉप्टर को अमौसी एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। इसी दौरान हेलीकॉप्टर से धुआं निकलने लगा और केबिन में भी धुआं भरने लगा। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के बीच हेलीकॉप्टर को एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। हेलीकॉप्टर के लैंड करते ही सुरक्षा और तकनीकी टीमों ने उसे घेर लिया। फिलहाल तकनीकी टीमें हेलीकॉप्टर में आई खराबी की जांच कर रहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button