Uttarakhand

खेल दिवस: धामी ने Sports University के पहले सत्र का किया आगाज, 43.50 करोड़ के काम भी शुरू

हल्द्वानी स्थित उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय पहुंचे धामी, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को पुरस्कार, उदीयमान खिलाड़ियों को DBT से छात्रवृत्ति, 2027 के राष्ट्रीय खेलों से लेकर ओलंपिक 2036 तक के लिए तैयार होगा विशेष रोडमैप

नैनीताल, 29 अगस्त 2026:

उत्तराखंड के नैनीताल स्थित हल्द्वानी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय को लेकर बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, मानसखंड खेल परिसर के पहले चरण के 43.50 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसी कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत भी हुई।

विश्वविद्यालय में मिलेगी खेल शिक्षा की नई सुविधा

मुख्यमंत्री ने खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका जीवन अनुशासन, मेहनत व समर्पण की मिसाल है। उनके नाम से जुड़े राष्ट्रीय खेल दिवस पर विश्वविद्यालय का पहला शैक्षणिक सत्र शुरू होना उत्तराखंड के लिए खास मौका है। धामी ने कहा कि राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय प्रदेश के खेल क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकता है। अब खिलाड़ियों को खेल शिक्षा व विशेष Training के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विश्वविद्यालय में उन्हें उच्च स्तर की खेल शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण व बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

ये भी पढ़ें:

dhami-sports-university-first-session-43-crore-works-haldwani (2)

युवा खिलाड़ियों के लिए छात्रवृत्ति योजना

मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लाभार्थियों को DBT के जरिए खेल छात्रवृत्ति दी गई। धामी ने कहा कि यह रकम प्रदेश की नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने में मदद करेगी। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 14 से 23 साल के खिलाड़ियों को मासिक छात्रवृत्ति के साथ खेल उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक मदद दी जा रही है। खेल Injury व आकस्मिक स्थिति में खिलाड़ियों के लिए बीमा व आर्थिक सहायता की व्यवस्था भी की गई है।

29 खिलाड़ियों को मिल चुकी सरकारी नौकरी

धामी ने बताया कि राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए Out of Turn सरकारी सेवायोजन की व्यवस्था की गई है। अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा दी जा चुकी है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को अलग-अलग विभागों में नियुक्त करने की प्रक्रिया भी चल रही है।

dhami-sports-university-first-session-43-crore-works-haldwani (3)

23 हाईटेक खेल अकादमियों पर काम

राज्य में खेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए अलग-अलग स्तर पर काम चल रहा है। लोहाघाट में प्रदेश का पहला बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज संचालित किया जा रहा है। ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना के जरिए जिलों की अलग खेल पहचान बनाने पर फोकस है। अलग-अलग खेलों के लिए 23 नई हाईटेक खेल अकादमियां तैयार करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उत्तराखंड खेल नीति-2026 का Draft भी तैयार हो चुका है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसे लागू किया जाएगा।

2027 राष्ट्रीय खेलों से ओलंपिक 2036 तक नजर

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2027 के राष्ट्रीय खेलों में ज्यादा से ज्यादा पदक जीतने के साथ ओलंपिक 2036 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी के लिए अभी से रोडमैप तैयार किया जा रहा है। खिलाड़ियों की Fitness व प्रदर्शन पर नजर रखने के लिए ‘मौली AI एप्लीकेशन’ विकसित किया गया है। इसके जरिए उदीयमान खिलाड़ियों की फिटनेस का नियमित आकलन किया जाएगा। आने वाले समय में खेल तकनीक का ज्यादा इस्तेमाल कर खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर करने की योजना है।

dhami-sports-university-first-session-43-crore-works-haldwani (4)

खिलाड़ियों को सम्मान, पुरस्कार भी दिए गए

कार्यक्रम में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों व उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न, द्रोणाचार्य, लाइफ टाइम अचीवमेंट व हिमालय रत्न पुरस्कार दिए गए। पुरस्कार पाने वालों को नकद राशि के साथ प्रशस्ति पत्र, ब्लेजर व शॉल प्रदान किए गए।

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार

राष्ट्रीय खेल दिवस पर सम्मानित खिलाड़ियों में एथलेटिक्स की अंकिता, बॉक्सिंग की खुशी चंद, हॉकी की मनीषा चौहान, वॉलीबॉल के रफीक अहमद, कबड्डी की भूमिका व राहुल सिंह, बैडमिंटन के चिराग बरेठा, मनोज सरकार व मनदीप कौर, मॉडर्न पैंटाथलॉन के सक्षम प्रताप सिंह, ब्लाइंड फुटबॉल की शेफाली रावत, पैरा लॉन बॉल की निलिमा राय, शूटिंग के आर्यावंश त्यागी व भूमि शामिल रहे।

कोच भी सम्मानित हुए

प्रशिक्षकों में एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार, बॉक्सिंग कोच बिजेन्द्र मल्ल, शूटिंग कोच अमित, वॉलीबॉल कोच गिरीश कुमार व कबड्डी कोच नितिन कुमार को भी नकद पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी व खेल प्रेमी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  LUCC Scam, 1 लाख निवेशकों से ठगी... CBI ने 18 आरोपियों व सोसायटी पर दाखिल की चार्जशीट

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button