Raebareli City

राहुल से निराश संस्थान की अब किशोरी लाल शर्मा से गुहार…सरदार पटेल की प्रतिमा लगाने की मांग रखी

पहले राहुल गांधी से की थी पहल की अपील, अब अमेठी सांसद को सौंपा दोबारा ज्ञापन, संस्थान बोला, नई पीढ़ी को एकता का संदेश देने के लिए जरूरी है आदमकद प्रतिमा

विजय पटेल

रायबरेली, 7 अप्रैल 2026

रायबरेली में सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग एक बार फिर से तेज हो गई है। पहले इस मुद्दे को लेकर राहुल गांधी से उम्मीद लगाए बैठे लोगों ने अब निराश होकर अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा से पहल की गुहार लगाई है।

दरअसल सरदार वल्लभभाई पटेल सेवा संस्थान बीते दो साल से प्रतिमा लगाने की मांग कर रहा है। सोमवार की शाम एक बार फिर ज्ञापन सौंपकर इस मांग को तेज कर दिया है। संस्थान के अध्यक्ष मान सिंह पटेल ने दिशा बैठक में पहुंचे कांग्रेस के सांसद किशोरी लाल शर्मा को एक ज्ञापन दिया और प्रतिमा लगाने की मांग रखी। बताया कि 17 अक्टूबर 2024 को अखिल भारतीय कुर्मि क्षत्रिय महासभा की बैठक में यह प्रस्ताव पास हुआ था।

बैठक में देशभर से आए प्रतिनिधियों ने कहा था कि सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित कर नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण और एकता का संदेश दिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि आज के दौर में ऐसे प्रतीकों की जरूरत और भी ज्यादा महसूस हो रही है। ज्ञापन में यह भी याद दिलाया गया कि सरदार पटेल ने आजादी के बाद 562 से ज्यादा रियासतों को जोड़कर देश को एक मजबूत रूप दिया था। ऐसे नेता की प्रतिमा रायबरेली जैसे अहम जिले में लगना वक्त की मांग बताई गई है।

मान सिंह के मुताबिक संस्थान ने इससे पहले राहुल गांधी से भी प्रतिमा लगाने के लिए पहल करने की अपील की थी, लेकिन कोई ठोस कदम न उठने पर अब उम्मीदें किशोरी लाल शर्मा से लगाई जा रही हैं। संस्थान ने संबंधित विभागों से तालमेल कर जल्द प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button