
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 13 अगस्त 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दीक्षारंभ कार्यक्रम और युवा संवाद का शुभारंभ किया। नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में हमेशा बड़े सपने देखें, अपनी क्षमता पहचानें और जब तक लक्ष्य हासिल न हो जाए, तब तक मेहनत करना न छोड़ें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का समय सिर्फ पढ़ाई या परीक्षा तक सीमित नहीं होता, बल्कि यही दौर व्यक्तित्व को नई दिशा देता है।
28 करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 11.20 करोड़ रुपये की लागत से बने जैविक विज्ञान प्रयोगशाला भवन और 17.39 करोड़ रुपये की लागत से तैयार केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। साथ ही दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम की भी शुरुआत की। उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय का नाम बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर रखा जाएगा। छात्रों की सुविधा के लिए दो इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई। कम्युनिटी रेडियो के संचालन के लिए कार्यक्रम समन्वयक और तकनीकी सहायक के दो नए पद बनाए जाएंगे। इसके अलावा स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चीनी और जापानी भाषा विभागों के लिए जरूरी पद सृजित करने की बात भी कही।

Youth Power को बताया देश की सबसे बड़ी ताकत
युवा संवाद में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति होती है। आज का युवा सिर्फ नौकरी की तलाश नहीं कर रहा, बल्कि Startup, Entrepreneurship और रोजगार देने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को आधुनिक और रोजगार से जोड़ने पर लगातार काम कर रही है।

AI और Research पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में AI, Machine Learning और Big Data जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। शोध को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों को 18 लाख रुपये तक का रिसर्च ग्रांट दिया जा रहा है। वहीं UPSC, NDA और CDS जैसी परीक्षाओं की लिखित परीक्षा पास करने वाले युवाओं को इंटरव्यू की तैयारी के लिए 50 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद भी दी जा रही है।

उत्तराखंड को आगे बढ़ाने की अपील
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने युवाओं से उत्तराखंड को देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, विश्वविद्यालय के प्राध्यापक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






