Uttar Pradesh

‌पर्यटन को और स्पीड देगी इको टूरिज्म वैन सेवा… मथुरा, वाराणसी व लखनऊ से होगी शुरुआत

यात्रा के दौरान एआर और वीआर तकनीक से मिलेगा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का वर्चुअल अनुभव

लखनऊ, 10 मार्च 2026:

उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) जल्द ही प्रदेश में इको टूरिज्म वैन सेवा शुरू करने जा रहा है। इस पहल का मकसद पर्यटन को नया अनुभव देना और पर्यावरण के लिहाज से बेहतर व्यवस्था तैयार करना है। योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। पहले चरण में मथुरा, वाराणसी और लखनऊ में इस सेवा की शुरुआत होगी। इन शहरों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर बाद में इसे अन्य जिलों तक बढ़ाया जाएगा।

इको टूरिज्म वैन सेवा के जरिए पर्यटकों को यात्रा के दौरान आधुनिक तकनीक का अनुभव मिलेगा। वैन में ऑगमेंटेड रियलिटी और वर्चुअल रियलिटी जैसी सुविधाएं होंगी, जिनकी मदद से पर्यटक ऐतिहासिक स्थलों, सांस्कृतिक धरोहरों और प्राकृतिक खूबसूरती को वर्चुअल तरीके से देख और समझ सकेंगे।
यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए वैन में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम भी लगाया जाएगा। टिकट बुकिंग के लिए डिजिटल पेमेंट और ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे पर्यटकों को आसानी होगी।

इस योजना को मुख्यमंत्री की वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन पहल से भी जोड़ा जाएगा। इसके तहत पर्यटकों को अलग-अलग जिलों के स्थानीय और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। इससे स्थानीय रसोइयों और छोटे रेस्टोरेंट्स को भी फायदा होगा।

इको टूरिज्म वैन पर्यटकों को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से अलग-अलग पर्यटन स्थलों तक ले जाएंगी। रास्ते में पड़ने वाले छोटे और कम चर्चित ग्रामीण पर्यटन स्थलों तक भी पर्यटक पहुंच सकेंगे। इससे इन इलाकों में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के मौके मिलेंगे। पर्यटन निगम की यह पहल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button