Lucknow City

सड़कों पर कब्जे, गलियों में जलभराव, अफसर मौन : किसान संगठन का नगर निगम पर हल्ला बोल

फैजुल्लागंज, सेमरागौड़ी और महर्षिनगर इलाके की समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन, लोग बोले... 50 फिट चौड़ी सड़क रह गई 10 फिट, नगर निगम पर कार्रवाई न करने का आरोप

लखनऊ, 13 नवंबर 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ के सीतापुर रोड स्थित फैजुल्लागंज, सेमरागौड़ी, महर्षिनगर और आसपास के इलाकों की बदहाल स्थिति को लेकर गुरुवार को एक किसान संगठन से जुड़े लोगों ने नगर निगम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों, समर्थकों और स्थानीय नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी विरोध में शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इलाके की तमाम नागरिक समस्याओं के समाधान की मांग की।

संगठन के जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या सबसे गंभीर है। 50 फीट चौड़ी सड़कें अब केवल 10 फीट रह गई हैं। लोग खुलेआम सड़क पर कब्जा किए हुए हैं। शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इलाके में अवैध डेयरियां संचालित हो रही हैं। नगर निगम अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय किसानों को ही परेशान कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने फैजुल्लागंज के बेरी होटल चौराहे के पास सड़क पर अतिक्रमण और जाम की स्थिति को देखते हुए तुरंत कब्जा हटाने की मांग रखी। साथ ही क्षेत्र में नई स्ट्रीट लाइटें लगाने और खराब लाइटों की मरम्मत की मांग भी उठाई गई।

ये भी पढ़ें:

लोगों ने यह भी बताया कि खुले में छोड़ी गई भैंसों से आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि डेयरियों और पशुओं को शहर से बाहर किया जाए। मधुवन विहार कॉलोनी में जलभराव की समस्या को लेकर उचित जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की गई।

Advertisement

उन्होंने कहा कि महर्षिनगर इलाके में अल्काफिया मस्जिद के पास नाले पर पत्थर न होने के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाएं होती हैं। इस नाले की मरम्मत तुरंत करवाने की अपील की। इसके अलावा अजीज नगर पुलिस चौकी से महर्षिनगर प्रवेश द्वार तक सर्विस रोड पर अवैध दुकानें और ठेले हटाने, तथा डीएन सिंह कॉम्प्लेक्स तक सड़क पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को समाप्त करने की भी मांग की गई।

ये भी पढ़ें  एक कौशल सीखो, नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनो... योगी की पाती में युवाओं के लिए बड़ा संदेश

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link