हरेंद्र धर दुबे
गोरखपुर, 18 मार्च 2026:
गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा से जुड़े पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान (38) की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पूर्व पार्षद के गांव बरगदवा के रहने वाले हैं। अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।
डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के मुताबिक हत्या की वजह पुरानी रंजिश और बदले की भावना रही। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों राज चौहान उर्फ निरहुआ और विपिन यादव ने बताया कि मृतक के भतीजे के साथ उनकी रंजिश चल रही थी। दो महीने पहले हुई मारपीट के बाद से ही वे बदला लेने की फिराक में थे।

घटना के दिन मंगलवार सुबह बरगदवा इलाके में दोनों आरोपी पहले से ही पेड़ के पीछे छिपकर बैठे थे। जैसे ही राजकुमार चौहान वहां अकेले पहुंचे एक आरोपी ने फायरिंग की और फिर दोनों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार हमलावरों ने 20 से 25 वार किए। घायल होने के बावजूद राजकुमार करीब 100 मीटर तक भागे लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और सर्विलांस के जरिए उन्हें पकड़ लिया। हालांकि वारदात में इस्तेमाल हथियार अभी बरामद नहीं हो सके हैं। मृतक की पत्नी सुशीला देवी की तहरीर पर आठ नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें स्थानीय पार्षद धर्मदेव चौहान समेत कई अन्य शामिल हैं। फिलहाल सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है लेकिन उनकी सीधी भूमिका अभी सामने नहीं आई है।
मालूम हो कि मंगलवार सुबह हुई हत्या के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। सैकड़ों लोगों ने गोरखपुर-सोनौली रोड जाम कर हंगामा किया जिसे पुलिस ने बल प्रयोग कर नियंत्रित किया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार के लिए सरकारी सहायता की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।






