National

पॉश इलाके में बम की तरह फटा एसी…पूर्व IAS धनेंद्र ने दम तोड़ा, बेटे की हालत गंभीर

एसी की इंडोर यूनिट में धमाके के बाद पूरे घर में धुआं भरा, हादसे में धनेंद्र गर्ग का बेटा गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि परिवार के बाकी लोगों को समय रहते बाहर निकाला गया

नई दिल्ली, 29 मई 2026:

दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में एसी ब्लास्ट के बाद एक घर में लगी आग में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी और विश्व बैंक के पूर्व एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर धनेंद्र कुमार गर्ग की मौत हो गई। हादसे में उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक बुधवार देर रात करीब 11 बजकर 18 मिनट पर पीसीआर कॉल के जरिए मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और दूसरी एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

उस वक्त घर में 80 वर्षीय धनेंद्र कुमार गर्ग, उनकी पत्नी मंजू गर्ग, बेटा और दो घरेलू सहायक मौजूद थे। बताया जा रहा है कि एसी की इंडोर यूनिट में अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में पूरा घर धुएं से भर गया और परिवार के लोगों को बाहर निकलने में दिक्कत होने लगी।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को घर से बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। धनेंद्र कुमार गर्ग को गंभीर हालत में एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस का कहना है कि उनके शरीर पर जलने के निशान नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि ज्यादा धुआं अंदर जाने और दम घुटने से उनकी मौत हुई। घटना के बाद क्राइम टीम और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस तकनीकी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि आग लगने की असली वजह साफ हो सके।

धनेंद्र कुमार गर्ग मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गंगोह के रहने वाले थे। उन्हें इलाके का पहला आईएएस अधिकारी माना जाता था। वह 1967 बैच के हरियाणा कैडर के वरिष्ठ अफसर रहे। अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने हरियाणा के मुख्य सचिव, सीसीआई चेयरमैन, नेशनल हाईवे अथॉरिटी के चेयरमैन, टेलीकॉम सचिव, जीएसटी चेयरमैन और एक्साइज कमिश्नर जैसे कई अहम पदों पर काम किया।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  राजस्थान : पार्टनर के साथ लिव-इन में रह रही थी पत्नी, पति ने 30 वर्षीय पार्टनर की चाकू घोंपकर कर दी हत्या

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button