Hardoi City

जुआरियों ने गेस्ट हाउस संचालक को बांके से काट डाला…थाने से एक किमी. दूर जंगल में मिला शव

लोनार थाना क्षेत्र में है गेस्ट हाउस, सुबह निकलने के बाद वापस नहीं लौटा, शव मिलने की जगह के पास है डिग्री कॉलेज, जुएं में लाखों की सजी थी फड़

हरदोई, 13 फरवरी 2026:

हरदोई के लोनार थाना क्षेत्र में गेस्ट हाउस संचालक की हत्या कर दी गई। उनका शव थाने से करीब एक किलोमीटर पहले जंगल में मिला। वारदात की जगह राजबहादुर महाविद्यालय के पास बताई जा रही है। पुलिस को मौके से खून से सना बांका भी मिला है।

मृतक की पहचान 43 वर्षीय अनिल कुमार भदौरिया उर्फ मुन्नू सिंह के रूप में हुई है। वह नक्टोरा पुरिया गांव के रहने वाले थे और परिवार के साथ अपने गेस्ट हाउस में ही रहते थे। परिजनों के मुताबिक अनिल गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे बाइक से किसी काम से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। शाम करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि लोनार थाने से करीब एक किलोमीटर पहले जंगल में एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो वह अनिल का निकला।

WhatsApp Image 2026-02-13 at 11.17.19 AM

चर्चा है कि जुए की फड़ पर करीब पांच लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में साथियों ने अनिल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। शरीर पर कई गहरे घाव मिले हैं, जिससे साफ है कि हमलावरों ने उन्हें दौड़ा कर वार किए। परिजनों ने गांव के ही पांच लोगों पर पुरानी रंजिश और जुए के विवाद को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक और लोनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि आरोपियों की तलाश में एसओजी और सर्विलांस टीमों को लगाया गया है। कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button