गोरखनाथ मंदिर शारदीय नवरात्रि के लिए सजधज कर तैयार, 20 को योगी करेंगे राम दरबार का पूजन
नवरात्रि के पहले दिन शाम को होगी कलश स्थापना, सीएम ने सुबह किया गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन, मंदिर में होने वाले कार्यक्रमों का होगा लाइव प्रसारण, प्रधान पुजारी ने जारी किया कार्यक्रम का ब्यौरा

गोरखपुर, 11 अक्टूबर 2026:
गोरखनाथ मंदिर में शारदीय नवरात्रि से लेकर विजयादशमी तक दस दिनों तक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 11 अक्टूबर यानी आज से शुरू होने वाले आयोजनों में श्रीमद्देवी भागवत कथा, दुर्गा सप्तशती पाठ, कलश स्थापना, निशा पूजा, हवन, कन्या पूजन सहित कई अनुष्ठान होंगे। 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ मंदिर में पूजन के बाद मानसरोवर मंदिर तथा अंधियारीबाग स्थित रामलीला मैदान पहुंचेंगे। वहां देव विग्रहों का पूजन, अभिषेक, राम दरबार में पूजा-अर्चना सहित राजतिलक का कार्यक्रम होगा।
सीएम ने गुरु गोरखनाथ को दी पुष्पांजलि
सीएम योगी आदित्यनाथ ने ‘शारदीय नवरात्रि’ के पहले दिन आज सुबह गुरु श्री गोरखनाथ के दर्शन-पूजन कर लोक-कल्याण हेतु प्रार्थना की। उन्होंने ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ महाराज के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 11 अक्टूबर रविवार से 20 अक्टूबर मंगलवार तक शारदीय नवरात्रि के धार्मिक अनुष्ठान चलेंगे।

शाम 5 बजे शुभ मुहूर्त में होगी कलश स्थापना
इस दौरान प्रतिदिन सुबह तथा शाम चार बजे से छह बजे तक श्रीमद्देवी भागवत कथा का आयोजन होगा, साथ ही दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जाएगा। नवरात्रि के पहले दिन 11 अक्टूबर को शाम पांच बजे कलश स्थापना होगी।18 अक्टूबर रविवार को निशा पूजा तथा शाम सात बजे हवन का कार्यक्रम निर्धारित है। 19 अक्टूबर सोमवार को महानवमी व्रत रखा जाएगा। 20 अक्टूबर को सुबह 11 बजे कुमारी कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोज कराया जाएगा।
विजयादशमी पर विशेष पूजन
विजयादशमी के दिन 20 अक्टूबर को सुबह 9.35 बजे श्रीनाथ जी का विशेष पूजन किया जाएगा। इसके साथ मंदिर परिसर में स्थापित देव विग्रहों की पूजा होगी। दोपहर एक बजे से तीन बजे तक तिलकोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन शाम चार बजे योगी आदित्यनाथ मानसरोवर मंदिर तथा अंधियारीबाग स्थित रामलीला मैदान के लिए प्रस्थान करेंगे। मानसरोवर मंदिर परिसर में स्थापित देव विग्रहों का पूजन तथा अभिषेक करने के बाद मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के दरबार में पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद राम दरबार में राजतिलक संपन्न कराया जाएगा।
माँ भगवती जगदम्बा की उपासना के पावन पर्व ‘शारदीय नवरात्रि’ के प्रथम दिवस के अवसर पर आज गोरक्षपीठाधीश्वर, महंत श्री @myogiadityanath जी महाराज ने श्री गोरखनाथ मंदिर में शिवावतारी महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी के दर्शन-पूजन कर लोक-कल्याण हेतु प्रार्थना की।
महाराज जी ने अपने पूज्य गुरुदेव राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
— Shri Gorakhnath Mandir (@GorakhnathMndr) October 11, 2026
साधु-संतों को भोजन प्रसाद, लाइव प्रसारित होंगे कार्यक्रम
20 अक्टूबर को शाम सात बजे से साधु-संतों, ब्राह्मणों तथा श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। नवरात्रि तथा विजयादशमी के सभी प्रमुख आयोजनों का लाइव प्रसारण गोरखनाथ मंदिर के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, एक्स तथा यूट्यूब पर किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु घर बैठे भी धार्मिक कार्यक्रमों से जुड़ सकेंगे।






