Gorakhpur

गोरखपुर को जल्द मिलेगा हाईटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस…उद्घाटन के साथ बनेगा ये रिकॉर्ड

एमपीआईटी में 60 दिन की मुफ्त एआई ट्रेनिंग से 5 लाख युवाओं को जोड़ने की तैयारी, किसानों के लिए अलग कार्यशाला, 15 अप्रैल को सीएम करेंगे शुभारंभ

गोरखपुर, 5 अप्रैल 2026:

गोरखपुर में तकनीकी शिक्षा को नई रफ्तार देने वाला बड़ा प्रोजेक्ट 15 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। महाराणा प्रताप इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस मौके पर टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन भी मौजूद रहेंगे।

यह सेंटर टाटा कंसल्टेंसी सर्विस के सहयोग से तैयार हुआ है और इसे पूर्वी उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा केंद्र माना जा रहा है। उद्घाटन के साथ ही बड़ा रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है, जिसमें एआई फॉर ऑल ट्रेनिंग के जरिए करीब पांच लाख युवाओं को जोड़ा जाएगा।

एमपीआईटी ने इसके लिए 60 दिन का मुफ्त प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया है। इसमें एआई और साइबर सुरक्षा की बुनियादी व जरूरी जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण में एआई का परिचय, नए टूल्स का इस्तेमाल, कामकाज आसान बनाने के तरीके, डिजिटल सुरक्षा, धोखाधड़ी से बचाव और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार सिखाया जाएगा। यह पहल दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के साथ मिलकर चलाई जा रही है।

एमपीआईटी के निदेशक सुधीर अग्रवाल के मुताबिक पंजीकरण शुरू हो चुका है और 9 अप्रैल तक आवेदन किया जा सकता है। संस्थान की वेबसाइट पर इसका लिंक उपलब्ध है। युवाओं के साथ किसानों पर भी खास ध्यान दिया गया है। एआई जागरूकता फॉर फार्मर्स कार्यशाला के जरिए करीब एक हजार किसानों और कृषि के छात्रों को जोड़ा जाएगा। इसमें खेती में एआई का उपयोग, मौसम के अनुसार फसल योजना, डिजिटल खेती के साधन और गांवों में उत्पादकता बढ़ाने के तरीके समझाए जाएंगे।

करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बने इस केंद्र में आधुनिक सुविधाएं तैयार की गई हैं। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, ड्रोन तकनीक, स्पेस टेक्नोलॉजी और थ्री डी प्रिंटिंग जैसे विषयों पर अलग-अलग इकाइयां बनाई गई हैं, जहां छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। इस केंद्र का फायदा सिर्फ एमपीआईटी के छात्रों तक सीमित नहीं रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के 15 अन्य तकनीकी संस्थानों के छात्र भी यहां उच्च स्तर के कोर्स में हिस्सा ले सकेंगे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button