Lucknow City

Green UP : राज्यपाल ने बच्चों संग लगाया सफेद चंदन, विधायक नीरज बोरा ने दिया हरियाली का संदेश

जन भवन में बनी चंदन की नक्षत्र वाटिका, बालिका गृह की बच्चियों से राज्यपाल ने की आत्मीय मुलाकात, लखनऊ में कई स्थानों पर चला 'एक पेड़ मां के नाम' महाअभियान, आईटीआई संस्थानों में 6000 पौधों का सामूहिक रोपण

लखनऊ, 12 जुलाई 2026:

उत्तर प्रदेश में चल रहे वृहद वृक्षारोपण महाअभियान के तहत रविवार को राजधानी लखनऊ में कई स्थानों पर बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया। जन भवन परिसर में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सफेद चंदन का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की, वहीं विधायक नीरज बोरा ने अलग-अलग स्थानों पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

राजकीय बालिका गृह की छात्राएं पहुंचीं जन भवन

जन भवन परिसर में विकसित की गई नक्षत्र वाटिका में कुल 29 सफेद चंदन के पौधे लगाए गए। इस अभियान में जन भवन के अधिकारी और कर्मचारियों के साथ राजकीय बालिका गृह सिंधी खेड़ा की बालिकाओं ने भी हिस्सा लिया। राज्यपाल ने बच्चियों के साथ पौधे लगाए और उनसे आत्मीय बातचीत कर पढ़ाई, स्वास्थ्य, भविष्य की योजनाओं और दैनिक जीवन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रकृति से जुड़ाव जीवन को बेहतर बनाता है और हर बच्चा पर्यावरण संरक्षण का दूत बन सकता है।
green-up-governor-anandiben-patel-plants-sandalwood-lucknow (2)

एक दिन का कार्यक्रम नहीं जीवनभर की जिम्मेदारी

राज्यपाल ने कहा कि पेड़ केवल हरियाली नहीं बढ़ाते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि जीवनभर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है।

पौधों को परिवार का सदस्य समझें

राज्यपाल ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे परिवार का हर सदस्य हमारे लिए महत्वपूर्ण होता है, वैसे ही हर पौधा भी हमारे जीवन का हिस्सा है। आप सभी जिस पौधे को आज लगा रही हैं, उसकी देखभाल भी उसी स्नेह और जिम्मेदारी से करें। आने वाले वर्षों में यही पौधे स्वच्छ हवा, छाया और बेहतर पर्यावरण देंगे। उन्होंने बच्चियों से पढ़ाई के साथ प्रकृति संरक्षण को भी अपनी आदत बनाने की अपील की।

विधायक नीरज बोरा ने दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

उधर, ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के तहत विधायक नीरज बोरा ने लखनऊ उत्तर विधानसभा के भरतेन्दु वार्ड स्थित पल्टन छावनी क्षेत्र में पौधरोपण किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पार्षद मान सिंह यादव, घनश्याम अग्रवाल, कुमकुम राजपूत, सौरभ वाल्मीकि, टिंकू सोनकर, संजय तिवारी, बृज किशोर पाण्डेय, दिव्यांशी शुक्ला, सीके वर्मा, वन विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
green-up-governor-anandiben-patel-plants-sandalwood-lucknow (3)

अभियान ने प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाया

इसके बाद विधायक नीरज बोरा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज पहुंचे, जहां वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने संस्थान परिसर में कार्यदेशकों, अनुदेशकों, कर्मचारियों और प्रशिक्षार्थियों के साथ पौधे लगाए। इस मौके पर विधायक ने कहा कि पेड़ लगाना जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक जरूरी उसकी नियमित देखभाल करना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हम अपनी मां की सेवा और सम्मान करते हैं, उसी तरह लगाए गए पौधों की भी देखभाल करनी चाहिए। पेड़ हमें प्राणवायु, छाया और स्वच्छ वातावरण देते हैं, इसलिए उनका संरक्षण हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान समाज को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
green-up-governor-anandiben-patel-plants-sandalwood-lucknow (4)

आईटीआई के नोडल प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने बताया कि वन विभाग से प्राप्त 6000 पौधों को एक दिन पहले ही जनपद के सभी राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में वितरित कर दिया गया था। आईटीआई अलीगंज की प्रधानाचार्य शिवानी पंकज ने भी पौधरोपण किया। कार्यक्रम में संस्थान के सभी अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक और प्रशिक्षार्थियों ने भाग लेकर हरित पर्यावरण के निर्माण का संकल्प दोहराया।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button