हरिद्वार, 17 फरवरी 2026:
हरिद्वार में अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेला 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब जमीन पर उतरती दिख रही हैं। मेला क्षेत्र में प्रस्तावित आधारभूत संरचनाओं और सुविधाओं को समयबद्ध पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप और दक्षद्वीप क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़कों, घाटों और पुलों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बैरागी कैंप में अखाड़ों व धार्मिक संस्थाओं के लिए चिन्हित शिविर स्थलों का अवलोकन किया गया। मेलाधिकारी ने शिविर स्थलों की भूमि का समय रहते समुचित समतलीकरण पूरा करने को कहा जिससे आयोजन के दौरान अव्यवस्था न हो। पार्किंग स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया,श जिससे भारी भीड़ के बीच यातायात दबाव नियंत्रित रखा जा सके। उन्होंने यातायात प्रबंधन के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

दक्षद्वीप क्षेत्र में घाटों की सीढ़ियों, रेलिंग और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत व सुरक्षित बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। नियमित सफाई और मरम्मत के लिए अलग कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। सड़क और पुल निर्माण की समीक्षा करते हुए प्रमुख मार्गों के सुदृढ़ीकरण को समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया। दक्षद्वीप पार्किंग से राष्ट्रीय राजमार्ग तक संपर्क मार्ग विकसित करने से यातायात सुचारु रहने की उम्मीद जताई गई।
कनखल क्षेत्र से वाहनों के निकास के लिए उपयुक्त पुलों और वैकल्पिक मार्गों पर अध्ययन कर शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा गया। साथ ही मौजूदा पुलों की सुरक्षा जांच और नियमित अनुरक्षण अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए। बिजली, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्थाओं की मौके पर समीक्षा करते हुए मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और सार्वजनिक शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। कुंभ क्षेत्र की आरक्षित भूमि को अतिक्रमणमुक्त रखने की सख़्त हिदायत भी दी गई।
मेलाधिकारी ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कुंभ मेला 2027 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करना होगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।






