Sitapur City

खिलौने बेचकर पालता है परिवार…150 करोड़ इनकम बताकर भेजी 10 करोड़ की नोटिस

मजदूर ने आयकर विभाग के टैक्स आफिसर पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, चार सौ रुपये रोज की कमाई बताई, मजदूर ने कोर्ट में लगाई थी गुहार, पीड़ित ने पैन व आधार कार्ड के गलत इस्तेमाल की आशंका जताई, केस दर्ज

सीतापुर, 24 मई 2026:

सीतापुर में एक मजदूर के नाम पर कथित तौर पर फर्जी कंपनी चलाने और करोड़ों रुपये का कारोबार दिखाने का मामला सुर्खियों में है। अदालत के आदेश पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर में इनकम टैक्स आफिसर प्रीत चड्ढा पर उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है।

दरअसल कैमहरा गांव के मजरा मैजुद्दीनपुर निवासी काजिम खां ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें बताया कि वह अहमदाबाद में खिलौने बेचकर रोज करीब 400 से 500 रुपये कमाता है। उसके पास महज ढाई बीघा खेती की जमीन है।

काजिम के मुताबिक बिसवां के उसके बैंक खाते में कोई बड़ी रकम जमा नहीं है, फिर भी आयकर विभाग की कर अधिकारी प्रीत चड्ढा की तरफ से वर्ष 2020-21 का करीब 10 करोड़ 49 लाख 39 हजार 962 रुपये जमा करने का नोटिस भेजा गया। नोटिस में उसकी आय करीब 150 करोड़ रुपये दिखाई गई।

पीड़ित का कहना है कि उसकी गैरमौजूदगी में कई बार घर पर नोटिस भेजे गए। जब वह अहमदाबाद से वापस लौटा तब पूरे मामले की जानकारी हुई। गांव में नोटिस की चर्चा फैलने के बाद लोग उसे करोड़ों के कारोबार से जोड़कर देखने लगे, जिससे उसे मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

काजिम ने आशंका जताई है कि अलीगढ़ में उसके नाम, पते, पैन कार्ड और आधार कार्ड का इस्तेमाल कर कोई फर्जी कंपनी संचालित की गई। उसने बताया कि इस मामले की शिकायत उसने 22 अगस्त 2024 को रजिस्टर्ड डाक और IGRS के जरिए पुलिस अधीक्षक से भी की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अदालत के आदेश के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button