सीतापुर, 9 जून 2026:
शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आवास परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को फर्जी बताते हुए उसे खत्म करने की मांग की और चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो वह टंकी से कूद जाएगी।
जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। महिला को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और करीब एक घंटे तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।
बताया गया कि टंकी पर चढ़ी महिला स्वरूप नगर निवासी पुष्पा अवस्थी है। उसका आरोप था कि पुलिस ने उनके खिलाफ गलत तरीके से मुकदमा दर्ज किया है। उनका कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच कर मुकदमा समाप्त किया जाए। सूचना पर एडीएम आयुष चौधरी, एसडीएम सदर जनार्दन, तहसीलदार समेत शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने महिला को नीचे उतरने के लिए काफी देर तक समझाया, लेकिन वह तैयार नहीं हुई।
बाद में डीएम डॉ. राजा गणपति आर और एसपी अंकुर अग्रवाल ने वीडियो कॉल के जरिए महिला से बातचीत की। दोनों अधिकारियों ने उसकी शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने के बाद महिला टंकी से नीचे उतरने को राजी हुई। महिला के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली। पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।






