Uttarakhand

अब बोलेंगे ‘मेरी योजना’ किताब के पन्ने…धामी ने जारी किया ऑडियो वर्जन, आसान हुई योजनाओं की जानकारी

ऑडियो वर्जन के जरिए लोगों को योजनाओं की पात्रता से लेकर आवेदन प्रक्रिया तक मिलेगी एक जगह जानकारी, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए बढ़ाएं नवाचार, सरल भाषा में जारी हों शासनादेश

देहरादून, 9 जून 2026:

उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अब ऑडियो माध्यम से भी लोगों तक पहुंचेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग की ओर से तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो वर्जन जारी किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अलग-अलग विभागों की योजनाओं को एक जगह संकलित करने से लोगों को जरूरी जानकारी आसानी से मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में केंद्र और राज्य सरकार की कई जनहित योजनाओं को शामिल किया गया है। इसमें स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों की योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया को आसान भाषा में समझाया गया है। उनका कहना था कि लोगों तक योजनाओं की सही जानकारी पहुंचना उतना ही जरूरी है जितना योजनाओं का संचालन।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का फायदा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार नए प्रयास किए जाएं। साथ ही शासनादेश और अन्य जरूरी दस्तावेज भी ऐसी भाषा में जारी किए जाएं जिन्हें आम लोग आसानी से समझ सकें।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों और कानूनों से विकास को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को भी केंद्र से लगातार सहयोग मिला है, जिसके चलते सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हुई है और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली, मिशन एप्पल समेत कई रोजगारपरक योजनाओं के जरिए युवाओं और महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर तैयार कर रही है।

सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन दीपक कुमार ने बताया कि मेरी योजना पुस्तक का ऑडियो वर्जन आकाशवाणी समेत विभिन्न रेडियो स्टेशनों पर प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग अब तक पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है, जबकि इसका डिजिटल संस्करण भी पहले से उपलब्ध है। कार्यक्रम में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी भी मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button