प्रयागराज, 10 अप्रैल 2026:
इलाहाबाद हाईकोर्ट में तैनात जस्टिस यशवंत वर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह फैसला उस मामले के बीच आया है जिसमें उनके दिल्ली स्थित आवास से बड़ी मात्रा में जले हुए नोट मिलने की बात सामने आई थी।
इस पूरे मामले को लेकर पहले से आंतरिक जांच चल रही थी। इसी दौरान उनके खिलाफ महाभियोग लाने की चर्चा भी तेज हो गई थी। अब इस्तीफे के बाद यह मामला और सुर्खियों में आ गया है।
बताया गया कि दिल्ली स्थित घर में जले कैश मिलने के बाद उनका तबादला इलाहाबाद हाईकोर्ट किया गया था। पांच अप्रैल 2025 को उन्होंने यहां जज के रूप में शपथ ली थी। विवाद के बाद उन्हें न्यायिक काम से अलग कर दिया गया था।
मामले की जांच के लिए एक आंतरिक कमेटी बनाई गई है, जो पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। साथ ही कुछ सांसदों ने संसद में उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नोटिस भी दिया था। फिलहाल जांच जारी है और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में लगी हैं।






